राष्ट्रीय महिला आयोग ने डिजिटल शक्ति अभियान का पांचवा चरण किया शुरू

नई दिल्ली, 5 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय महिला आयोग और साइबरपीस फाउंडेशन ने शुक्रवार को 10 लाख महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए डिजिटल शक्ति अभियान का पांचवां चरण लॉन्च किया।

इस पहल का उद्देश्य साइबर स्पेस में महिलाओं और लड़कियों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना और कुशल बनाना है। उनके लिए सुरक्षित ऑनलाइन स्थान सुनिश्चित करना है। विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पंचायती राज राज्य मंत्री एस पी. सिंह बघेल, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा, सदस्य सचिव राष्ट्रीय महिला आयोग मीनाक्षी नेगी, साइबरपीस फाउंडेशन के अध्यक्ष मेजर विनीत कुमार शामिल रहे।

इस मौके पर रेखा शर्मा ने कहा कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल इंडिया के दृष्टिकोण के अनुरूप है। विश्व की तीसरी सबसे बड़ी शक्ति होने के बावजूद महिलाओं को हर क्षेत्र में संघर्ष का सामना करना पड़ता है। डिजिटल शक्ति की शुरुआत 2018 में महिलाओं को उनके कौशल को बढ़ाने के लिए डिजिटल युग से परिचित कराने की दृष्टि से की गई थी। अब तक आयोग ने 6 लाख महिलाओं को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए प्रशिक्षित किया है। इस में पांचवें चरण में आयोग का लक्ष्य 10 लाख महिलाओं को प्रशिक्षित करना है।

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि पिछले दो दशकों में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते साइबर अपराध के मद्देनजर यह पहल सराहनीय है। यह एक महत्वपूर्ण मुद्दा है, जिसे एनसीडब्ल्यू और साइबरपीस ने डिजिटल शक्ति कार्यक्रम के साथ विचारपूर्वक संबोधित किया है।