नारनौलः पीएम मोदी ने देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचायाः सीएम नायब सिंह

नारनौल, 23 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इन दस वर्षों में देश को नई ऊंचाईयों पर लेकर गए हैं। उन्होंने 2014 के भाजपा के घोषणा पत्र में किए गए सभी वादों को पूरा किया। वे मंगलवार को नारनौल की अनाजमंडी में विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सभी क्षेत्रों में एक समान विकास कार्य बिना किसी भेदभाव के किया है। विशेषकर दक्षिणी हरियाणा में विकास कार्यों को कोई कसर नहीं छोड़ी गई है। पिछले दिनों रेवाड़ी के माजरा में एम्स का शिलान्यास किया जा चुका है, वहीं गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेस का तोहफा दिया गया। हरियाणा प्रदेश सैनिकों का है। वन रैंक वन पेंशन देने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है। उन्होंने कांग्रेस को कोसते हुए कहा कि एक समय था कि नौकरी के लिए युवाओं को नेताओं के चक्कर काटने पड़ते थे। आज बिना खर्ची और बिना पर्ची के हरियाणा में नौकरियां मिल रही हैं।

भाजपा सरकार पारदर्शिता से कार्य कर रही है। अब कर्मचारियों के तबादले भी घर बैठे हो रहे हैं। सन 2014 के बाद से अंतिम टेल तक पानी पहुंचाने का कार्य किया गया है। भाजपा सरकार ने व्यवस्था सुधार करने का कार्य किया। किसानों की 14 फसलों को एमएसपी पर खरीदने का काम किया है। देश को योजनाबद्ध तरीके से देश को आगे बढ़ाने का कार्य किया गया है। देश के अब 70 साल से ऊपर के बुजुर्गों को आयुष्मान से जोड़ा जा रहा है। रेल और सड़क कनेक्टिवीटी को बेहतर करने का कार्य किया गया है। कांग्रेस के लोग झूठे वादे करते हैं। कांग्रेस की गारंटी का कोई विश्वास नहीं करता। आज हर कोई मोदी की गारंटी पर भरोसा कर रहा है।