भाजपा जो कहती है वह करती है : नरेश बंसल

हरिद्वार, 16 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा के राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष नरेश बंसल ने कहा कि व्यापक चिंतन मंथन एवं गहन विचार विमर्श के बाद जारी किया गया। भाजपा का संकल्प पत्र राष्ट्र और गरीब कल्याण के लिए जीवन समर्पित करने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी है। प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता के दौरान सांसद नरेश बंसल ने कहा कि भाजपा जो कहती है वो करती है। लोकसभा चुनाव के लिए जारी किए संकल्प पत्र में 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का रोडमैप प्रस्तुत किया गया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा देश प्रथम की नीति पर चलती है और भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने को संकल्पित है। भाजपा ने जनसंघ के जमाने से हर वादा पूरा किया है। भाजपा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में 2024 के संकल्प पत्र में लिखे शब्दों को पूरा करने के लिए कटिबद्ध हैं। भाजपा का इतिहास है, जो कहा है वो किया है। जो नहीं कहा है, वो भी किया है। अन्य पार्टियों के लिए घोषणा पत्र महज औपचारिकता है लेकिन भाजपा के लिए यह विकास का रोड मैप है। पार्टी ने अपने संकल्प पत्र के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास की प्रतिबद्धता को भी सामने रखा है। पत्रकारवार्ता में डा. विशाल गर्ग, लव शर्मा, रोहित साहू, सुशांत पाल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।