हिसार: अन्नदाता महिलाओं पर पत्थर बरसाने की सोच भी नहीं सकता: नैना चौटाला

हिसार, 11 मई (हि.स.)। हिसार से जजपा उम्मीदवार नैना चौटाला ने कहा है कि देश का पेट भरने वाला अन्नदाता महिलाओं पर पत्थर बरसाने की सोच भी नहीं सकता। पत्थर बरसाने वाले लोग राजनीतिक दलों से प्रेरित शरारती तत्व है जो एक महिला को डराना चाहते हैं। नैना चौटाला अपने जनसंपर्क अभियान के तहत ग्रामीण जनसभाएं कर रही थीं।

उन्होंने कहा कि किसान सर्द रातों में खेतों में पानी लगाकर अन्न पैदा करने वाला, ज्येष्ठ के महीने मे तपती लू के बीच पसीना बहाकर खेतों मेेें उगाए अन्न को मंडियों मे पहुंचाने वाला, करोडों लोगों का पेट भरने वाला, महिलाओं को मां, बेटी, बहन मानकर उन्हें मान-सम्मान देने वाला महिलाओं पर पत्थर बरसाना तो दूर की बात, ऐसा सोच भी नहीं सकता।

महिलाओं पर पत्थर बरसाने वाले किसान नही बल्कि हमारे विरोधी दलो से प्रेरित शरारती तत्व हैं, जो प्रदेश का माहौल खराब करना चाहते हैं। किसानों के नाम पर राजनीतिक फायदा उठाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि किसान के नाम को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है, जो गलत है। उन्होंने कहा कि देश के अन्नदाता के नाम पर इस तरह की राजनीति करना बेहद शर्मनाक है। सबके घरों मे बेटियां हैं, वो किसके भरोसे घर के बाहर निकलेगी। इस तरह की हरकत किसान कभी नहीं कर सकते सब जानते है।