पांडुआ विस्फोट मामले में घायल किशोर की मां गिरफ्तार

हुगली, 06 मई (हि.स.)। हुगली जिले के पांडुआ में सोमवार सुबह एक तालाब के किनारे हुए बम विस्फोट में एक किशोर की मौत हो गई और उसके दो साथी घायल हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने एक घायल किशोर की मां को ही गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक महिला ने अवैध सम्बन्ध के चलते अपने बेटे को मारने के लिए बम रखा था। जिला पुलिस ने पहले दावा किया कि यह घटना गैर-राजनीतिक है। उन्होंने इस संबंध में चुनाव आयोग को रिपोर्ट भी दी है।

सोमवार सुबह पांडुआ के तिन्ना नेताजी कालोनी में एक तालाब के किनारे बम फटने से राज विश्वास (11) नामक लड़के की मौत हो गयी थी। अपने पड़ोस के दोस्तों के साथ तालाब के किनारे खेलते समय अचानक हुए विस्फोट में उसकी मृत्यु हो गई। घटना में रूपम वल्लभ और एक अन्य किशोर घायल हो गए। मतदान के मौसम में सुबह हुए इस घटना ने तुरंत राजनीतिक रंग ले लिया। हुगली से भाजपा उम्मीदवार लॉकेट चटर्जी ने आरोप लगाया कि तृणमूल ने आतंक फैलाने के लिए बम इकट्ठे किये हैं। उन्होंने मामले की एनआईए जांच की मांग की। उधर, चुनाव आयोग ने इस घटना पर जिला पुलिस से रिपोर्ट तलब की है।

पांडुआ थाना पुलिस ने घटना की गहनता से जांच शुरू कर दी है। जांचकर्ताओं का दावा है कि विस्फोट के पीछे घायल किशोर रूपम की मां रीता का हाथ है। रूपम के पिता सुखदेव से रीता की शादी टूट गयी थीं। इसके बाद उनकी शादी देवा सरकार नामक क्षेत्र के एक प्रवासी श्रमिक से हुई। उनके राह में एकमात्र कांटा रूपम था। वह रूपम और सुखदेव की हत्या करना चाहता था। इसलिए उसने देवा से हाथ मिलाया और बम तालाब के किनारे रख दिया।

पुलिस ने सुखदेव की शिकायत के आधार पर रीता से पूछताछ की इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।

हालांकि रीता के परिवार ने आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने दावा किया कि रीता को सुखदेव और उसकी मां ने प्रताड़ित किया था। इसलिए वह परिवार छोड़ने को मजबूर हुई। सुखदेव अपना गुस्सा निकालने के लिए रीता को फंसा रहा है।