राज्य में अब तक 71 करोड़ 11 लाख रुपये से अधिक की हुई जब्ती

रांची, 30 अप्रैल (हि.स.)। उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी नेहा अरोड़ा ने बताया कि आदर्श आचार संहिता के लागू होने से लेकर अब तक झारखंड में 71 करोड़ 11 लाख रुपये से अधिक की जब्ती की गई है। इसमें अवैध शराब और ड्रग्स आदि समेत 05 करोड़ 18 लाख से अधिक नकदी है। वह मंगलवार को निर्वाचन सदन धुर्वा में पत्रकार वार्ता में बोल रहीं थीं।

नेहा ने बताया कि राज्य में विधि व्यवस्था को लेकर राज्य के 18577 आर्म्स लाइसेंस में से 817 को रद्द करने की कार्रवाई की गई है। लाइसेंस रद्द हथियारों के मालिकों ने उसका सत्यापन नहीं कराया था। उन्होंने बताया कि पांचवे चरण के निर्वाचन को लेकर 14 नामांकन हुए हैं। इनमें चतरा में नौ, कोडरमा में चार और हजारीबाग में एक नामांकन हुआ है। छठे चरण के लिए अब तक आठ नामांकन हुए हैं। इनमें गिरीडीह में एक, धनबाद में दो, रांची में दो और जमशेदपुर में तीन नामांकन हुए हैं। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता जागरुकता का अभियान विभिन्न माध्यमों से लगातार जारी है।