मोदी सरकार ने विश्व में भारत का मान सम्मान और गौरव बढ़ाया : शोभा करंदलाजे

कानपुर, 09 मई (हि.स.)। आत्मनिर्भर भारत बनाकर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हर व्यक्ति को स्वावलंबी एवं सशक्त बनाने का काम किया है। वर्ष 2014 के मोदी सरकार बनने के बाद विश्व में देश का मान, सम्मान और गौरव बढ़ा है। जब यूक्रेन रूस युद्ध में भारतीय छात्र फंसे थे तब गौरव का एहसास होता है कि भारत के छात्र तिरंगा झंडा हाथ में लेकर सरहद पार कर रहे थे। आज देश की जनता भारत को समृद्ध देश बनाने के नरेन्द्र मोदी के संकल्प को पूरा करने के लिए स्वयं को मोदी मानकर चुनाव लड़ रही है। यह बातें गुरुवार को कानपुर पहुंची केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्यमंत्री शोभा करंदलाजे ने बीएनएसडी शिक्षा निकेतन में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में कही।

शोभा करंदलाजे ने कहा कि अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण के प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण ठुकराने वाले सनातन संस्कृति को अपमानित करने वाले इंडी गठबंधन के नेताओं को सबक सिखाना है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा उत्तर प्रदेश में 80 सीटें जीतकर केंद्र में प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी ने एक देश एक चुनाव की पहल की है। इसके साथ एक कानून हो और समान नागरिकता कानून लाने के लिए 400 पार चाहिए। कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि पाक के कब्जे वाला कश्मीर भारत का अखंड हिस्सा है और हमारी सरकार जब तक वहां तिरंगा नहीं फैला लेती तब तक हम चैन से नहीं बैठेंगे।

इस दौरान सांसद सत्यदेव पचौरी, अनिल कुमार मिश्रा, उत्तर जिला अध्यक्ष दीपू पांडे, शैलेंद्र द्विवेदी, राहुल कुमार मिश्रा, ओमप्रकाश श्रीवास्तव, संजय कटियार, लोकसभा मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी, अंकित बाजपेई, नीरज गुप्ता, दिलीप सर देसाई आदि मौजूद रहें।