बीकानेर में मिली माॅडल की फंदे से लटकी लाश, इंस्टाग्राम पर 8 लाख से ज्यादा फॉलोअर

Fa7cdfad1a5aaf8370ebeda47a1ff1c3

बीकानेर, 27 जुलाई (हि.स.)। मुक्ता प्रसाद थाना इलाके में एक मॉडल की लाश घर में फंदे से लटकी मिली है। उसके पास ही एक युवक बेहोश मिला है। उसे पुलिस ने हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। मौके से एक पिस्टल भी मिली है। मॉडल युवती के पिता ने युवक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया है। पिता का आरोप है कि वह युवक बेटी पर जबरन शादी का दबाव बनाता था।

एसएचओ धीरेंद्र सिंह ने बताया घटना बीकाजी सर्किल के पास जयराज तंवर के मकान की है। शव की पहचान 26 साल की इशप्रीत कौर (नाम इंस्टाग्राम अकाउंट के अनुसार) के रूप में हुई है। वह खतुरिया कॉलोनी के मन मंदिर के पास रहती थी। युवती के पिता गुरदीप सिंह का आरोप है कि उसके पास बेहोश मिले युवक जयराज ने उसकी हत्या की है। इशप्रीत कौर मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर थी। उसके इंस्टाग्राम पर 8 लाख से ज्यादा फॉलोअर हैं। वहीं, आरोपित जयराज ब्याज पर पैसा देने का काम करता था।

एसएचओ धीरेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब 9 बजे बीकाजी सर्किल से कानासर की ओर बने एक मकान में संदिग्ध परिस्थिति में युवक-युवती के होने की जानकारी मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के एक कमरे में इशप्रीत का शव फंदे से लटका था। जयराज पास में ही बेहोश था। जयराज चौतीना कुआं क्षेत्र का रहने वाला है। दोनों वहां कब और क्यों गए, ये हत्या है या सुसाइड, इसकी जांच की जा रही है। घटना स्थल से आईफोन समेत चार महंगे मोबाइल भी मिले हैं।

धीरेंद्र सिंह के मुताबिक इशप्रीत 25 जुलाई से घर से लापता थी। उसी दिन युवक और युवती उस घर में पहुंचे थे। युवती के घर वाले उसे ढूंढते हुए शुक्रवार की रात को जयराज तंवर के मकान पर पहुंचे। घर के एक दरवाजे को छोड़कर सभी दरवाजे बंद थे। अंदर जाकर देखा तो होश उड़ गए। सामने इशप्रीत की लाश लटक रही थी। इसके बाद परिवार वालों ने पुलिस को खबर दी। पुलिस जब घर में पहुंची तो इशप्रीत फंदे से लटकी हुई थी और उसका एक पैर टेढ़ा था। पास में ही जयराज भी लेटा हुआ था। पुलिस को लगा कि युवक भी मृत है, लेकिन उसका पेट हिलता देखा तो उसे उठाया गया। वो तुरंत खड़ा भी हो गया। मौके पर पुलिस को एक पिस्टल भी मिली थी, जिसको चलाया नहीं गया था, लेकिन चलाने के लिए तैयार किया गया था।

धीरेंद्र सिंह के मुताबिक आरोपित जयराज और इशप्रीत अच्छे दोस्त थे। इन दोनों के बीच अर्से से दोस्ती थी। फिलहाल आरोपित बीकानेर के प्रिंस बिजय सिंह मेमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती है।

मॉडल इशप्रीत के पिता गुरदीप सिंह ने पुलिस को दी रिपोर्ट में कहा है कि जयराज बेटी पर शादी करने का दबाव बना रहा था। उसने बेटी के जबरन साइन करवाकर उसके बैंक खाते से रुपये भी निकाले। वह कई बार धमकी देकर बेटी को अपने साथ लेकर जाता था। मना करने पर पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देता था।