हिन्दी, म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट सितार एवं म्यूजिक वॉयलन विषयों की मॉडल उत्तरकुंजी जारी

अजमेर, 27 मई(हि.स)। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा सहायक आचार्य, पुस्तकालयाध्यक्ष एवं शारीरिक प्रशिक्षण अनुदेशक (कॉलेज शिक्षा विभाग ) प्रतियोगी परीक्षा-2023 के विषय हिन्दी, म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट (सितार) एवं म्यूजिक (वॉयलन) की मॉडल उत्तरकुंजियां आयोग की वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। यदि किसी अभ्यर्थी को इन मॉडल उत्तर कुंजियों पर कोई आपत्ति हो तो निर्धारित शुल्क के साथ 28 से 30 मई 2024 को रात्रि बारह बजे तक अपनी आपत्ति ऑनलाइन दर्ज करवा सकता है।

आयोग के मुख्य परीक्षा नियंत्रक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि उक्त विषयों की परीक्षाओं का आयोजन 17 मार्च से 31 मार्च 2024 तक किया गया था। आपत्तियां आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध मॉडल प्रश्न पत्रों के क्रमानुसार ही प्रविष्ट करनी होंगी। इन परीक्षाओं के मॉडल प्रश्न-पत्र आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। आपत्ति प्रामाणिक (स्टैंडर्ड, ऑथेंटिक) पुस्तकों के प्रमाण सहित ऑनलाइन ही प्रविष्ट करें । वांछित प्रमाण संलग्न नहीं होने की स्थिति में आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। उक्त परीक्षा में सम्मिलित अभ्यर्थियों के अतिरिक्त यदि कोई अन्य व्यक्ति आपत्ति दर्ज करवाते हैं, तो उन पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।

आपत्तियां केवल ऑनलाइन ही स्वीकार की जाएंगी। ऑनलाइन आपत्तियों का लिंक 28 से 30 मई 2024 को रात्रि बारह बजे तक ही उपलब्ध रहेगा। निर्धारित समयावधि के बाद लिंक निष्क्रिय हो जाएगा। अन्य किसी माध्यम से भेजी गई आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी। आपत्तियां केवल एक बार ही ली जाएंगी।