मुख्यमंत्री धामी का मुंह मीठा कर मंत्रियों और पार्टी नेताओं ने तीन वर्ष के कार्यकाल पूरा होने पर दी बधाई

देहरादून, 04 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के तीन वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने पर गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भटृ, मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल, गणेश जोशी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने मुंह मीठा करा कर बधाई दी।

इस मौके पर डॉ अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने इन तीन वर्षों में जन-जन की आशाओं और आकांक्षाओं के अनुरूप राज्य की जनता के विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर समर्पित होकर कार्य किया। इन तीन सफलतम वर्षों में राज्य एक ओर जहां तुष्टिकरण, लैंड जिहाद और जबरन धर्मान्तरण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर राज्य में समान नागरिक संहिता लागू कर देवभूमि के मूल स्वरूप को बनाए रखने की दिशा में आगे बढ़े हैं। दूसरी ओर भ्रष्टाचार, नकल माफिया और दंगाइयों पर नकेल कसकर प्रदेशवासियों के भविष्य को भी सुरक्षित किया है।

मंत्री गणेश जोशी ने भरोसा जताते हुए कहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में अभूतपूर्व कार्य इन तीन वर्षो में हुए हैं। उन्होंने कहा उत्तराखंड इसी प्रकार प्रगति के पथ पर अग्रसर होगा और जल्द ही देश के अग्रणी राज्य के रूप में अपनी पहचान बनाएगा। इस मौके पर भाजपा प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।