सोनीपत: महर्षि वाल्मीकि मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा में राज्यमंत्री बिसंबर वाल्मीकि की शिरकत

सोनीपत, 16 जून (हि.स.)। हरियाणा के सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्यमंत्री बिसंबर वाल्मीकि ने रविवार को गन्नौर जीटी रोड फ्लाईओवर के नीचे आयोजित महर्षि भगवान वाल्मीकि मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें नमन किया।

राज्यमंत्री वाल्मीकि ने अपने संबोधन में महर्षि वाल्मीकि के सामाजिक सद्भाव और समानता के संदेश को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण की रचना कर समाज को सत्य, कर्तव्यनिष्ठा और सन्मार्ग पर चलने का मार्ग दिखाया। उनके विचार और आदर्श हमें समतामूलक समाज की स्थापना की प्रेरणा देते हैं।

राज्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार सभी वर्गों के संत-महात्माओं और महापुरुषों की जयंती को राज्यस्तर पर मना रही है। भाजपा सरकार ने महर्षि वाल्मीकि, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर, संत कबीरदास और संत शिरोमणि रविदास जी की जयंती का आयोजन प्रदेश स्तर पर शुरू किया है, जिससे समाज में आपसी प्रेम और भाईचारे की भावना मजबूत हो रही है। सरकार महापुरुषों के बताए रास्ते पर चलकर हर गरीब के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सैनी हर गरीब के साथ खड़े हैं।

भाजपा नेता देवेन्द्र कादियान ने महर्षि वाल्मीकि को महान चिंतक और समाज सुधारक बताते हुए कहा कि उन्होंने अंधविश्वास, कुरीतियों और रूढ़िवादिता का विरोध कर समाज को नई दिशा दी। महर्षि वाल्मीकि के सिद्धांत आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं और उनकी शिक्षाएं पूरी मानव जाति की धरोहर हैं। कार्यक्रम में आयोजक रवि मंगवाना, भारत केसरी बिरजू पहलवान, अमृत पहलवान, जसविन्द्र पहलवान, गन्नौर नगरपालिका के पार्षद अंकित त्यागी और राकेश सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।