मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 21 फरवरी को भी लाहौल स्पीति और किन्नौर जिलों तथा कांगड़ा, चंबा, शिमला, कुल्लू, मंडी और सिरमौर के ऊंचे क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी होने की संभावना है। पहाड़ों में एक बार फिर मौसम बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है।
बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू
हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर बर्फबारी हो रही है। शिमला के नारकंडा फागू समेत राज्य के ऊपरी हिस्सों में कल देर रात से बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार नारकंडा में करीब 3 इंच बर्फ गिरी है। जिसके कारण वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद हो गई है। परिवहन निगम की बसें नारकंडा में ही रुक गई हैं। सड़कें बहुत फिसलन भरी हो गई हैं। कुफरी फागू में बर्फबारी हो रही है। बर्फबारी के कारण लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शिमला शहर में सुबह से ही बारिश हो रही है। बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में काफी गिरावट आई है, जिससे ठंड भी बढ़ गई है।
वर्षा एवं हिमपात की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए पूरे राज्य में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। अगले 3 घंटों में बिलासपुर, सोलन, सिरमौर, मंडी, शिमला, कांगड़ा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कुफरी में बर्फबारी देखकर पर्यटकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। कुछ पर्यटकों का कहना है कि वे दूर-दूर से यहां आए थे और उन्हें बर्फ देखने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन सुबह यहां बर्फबारी देखने के बाद उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
ऑरेंज अलर्ट जारी
बर्फबारी के कारण नारकंडा और कुफरी की पहाड़ियां सफेद चादर से ढकी नजर आ रही हैं। घरों, पेड़ों और पौधों पर हर जगह बर्फ दिखाई दे रही है। मौसम विभाग के अनुसार 21 फरवरी को भी लाहौल स्पीति और किन्नौर जिलों तथा कांगड़ा, चंबा, शिमला, कुल्लू, मंडी और सिरमौर के ऊंचे क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं, विभाग ने 20 फरवरी यानी आज चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में बर्फबारी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।