विकसित भारत के लिए नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएं : मीनाक्षी लेखी

कानपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। आजादी के 70 वर्षों बाद भी महिलाओं को शौचालय तक नसीब नहीं था। महिलाओं को शौचालय जाने के लिए रात के अंधेरा होने का इंतजार करना पड़ता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने आज हर घर में निःशुल्क इज्जत घर बनवाकर महिलाओं के सम्मान को बढ़ाया है।

महिलाओं को शाम पांच बजे के बाद घर के बाहर निकलने में डर लगता था, परंतु देश में मोदी सरकार आने के बाद आज पूरे देश में महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल है। ऐसे में जरुरत है कि विकसित भारत के लिए नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएं। यह बातें शनिवार को जनपद पहुंची केंद्रीय सांस्कृतिक एवं विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहीं।

महिला सम्मेलन के माध्यम से महिलाओं के बीच अपना जनाधार और अधिक मजबूत बनाने को लेकर शनिवार को भाजपा महिला मोर्चा द्वारा साकेत नगर स्थित एक होटल में महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया।

मुख्य अतिथि केंद्रीय सांस्कृतिक एवं विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि मोदी सरकार से पहले रेलवे लाइन और प्लेटफार्म शौचालय हुआ करते थे। मोदी सरकार आने के बाद देश में विकास की गंगा बही और आज भारत में निर्मित वंदे भारत ट्रेन में चलने पर प्लेन का एहसास होता है। महिलाएं आज सजावट की वस्तु नहीं है। देश को विकसित बनाने के लिए मोदी ने महिलाओं के सामर्थ्य और योग्यता पर भरोसा जताया है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में सवा सौ करोड़ देशवासियों को प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला योजना, महिला सम्मान निधि, सौभाग्य योजना, नेशनल हाईवे, हर घर नल से जल सहित सभी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के समान रूप से सभी जाति, वर्ग, समुदाय के लोगों को मिल रहा है। भाजपा सरकार आने के बाद देश और प्रदेश में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, कानून व्यवस्था आदि की दिशा में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। 2014 से पहले लचर स्वास्थ्य व्यवस्था के कारण 90 फीसदी महिलाएं घर पर प्रसव कराने के लिए मजबूर थी। परंतु मोदी सरकार आने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार कार्य हुआ जिसका परिणाम है कि आज 95 फीसदी महिलाओं का प्रसव अस्पताल में कराए जा रहे हैं।

इस दौरान महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक नीलिमा कटियार, महिला मोर्चा दक्षिण जिलाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी, जयंती वर्मा, स्वप्निल वरुण, रीता शास्त्री, रंजना शुक्ला, विजया तिवारी, पूनम कपूर, सरोज सिंह, डॉ प्रियम अवस्थी, पुष्पा तिवारी, सुषमा चौहान, विधायक महेश त्रिवेदी, लोकसभा प्रभारी राम शरण कटियार, मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।