MCLR Hike: सरकारी बैंक ने महंगा किया लोन, जानिए आपको कितना देना होगा ब्याज

UCO Bank MCLR Hike: सरकारी बैंक यूको बैंक ने अपने ग्राहकों को बड़ा झटका दिया है। बैंक ने 10 जून से अपने MCLR यानी मार्जिनल कॉस्ट ऑफ फंड बेस्ड दरों में बढ़ोतरी कर दी है। बैंक ने MCLR में 5 बेसिस प्वाइंट यानी 0.05% की बढ़ोतरी की है। यह बढ़ोतरी 3 महीने और 1 साल की अवधि पर की गई है। अब बैंक की ओर से अधिकतम लेंडिंग रेट 8.90% हो गई है।

ब्याज दर कितनी बढ़ गई है?

बैंक ने ओवरनाइट और एक महीने की अवधि के लिए लोन की दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। ओवरनाइट और एक महीने की अवधि के लिए लोन की दरें क्रमश: 8.10% और 8.30% पर स्थिर हैं। वहीं, तीन महीने की अवधि के लिए MCLR में 5 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी हुई है और यह 8.50% हो गई है। 6 महीने की अवधि के लिए MCLR में कोई बदलाव नहीं हुआ है और यह 8.70% पर बनी हुई है। 1 साल की अवधि के लिए लोन की दरें 8.85% से बढ़ाकर 8.90% कर दी गई हैं।

नई ब्याज दरें कब लागू होंगी?

ये नई ब्याज दरें 10 जून 2024 से लागू होंगी। आपको बता दें कि इससे पहले सरकारी बैंक इंडियन बैंक और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने भी अपनी मार्जिनल कॉस्ट ऑफ फंड्स बेस्ड लेंडिंग रेट्स (MCLR) में बढ़ोतरी की है। बैंक ने 3 महीने से 3 साल की अवधि के लिए MCLR दरों में बदलाव किया है। नई दरें 1 जून 2024 से प्रभावी हो गई हैं। वहीं, इंडियन बैंक ने मार्जिनल कॉस्ट लेंडिंग दरों में 5 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी की है।