उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रधान कार्यालय में महिला दिवस पर हुआ कई कार्यक्रमों का आयोजन

जयपुर, 8 मार्च (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे प्रधान कार्यालय में आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार महिला दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। ‘‘अभी नहीं तो कभी नहीं‘‘ थीम पर नुक्कड़ नाटक, काव्य पाठ, मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। साथ ही महिला सशक्तिकरण, लैगिंक समानता, कामगारों तथा पुरुष प्रधान क्षेत्रों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी जैसे महिला प्रधान विषयों पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों की अध्यक्षता प्रमुख वित्तीय सलाहकार भावना शर्मा ने की। प्रतियोगिता में विजेता महिला कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रमों में 150 महिलाओ ने भागीदारी की। सभी महिलाओं को स्मृति चिन्ह भेंट किये गये।

उल्लेखनीय है कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में उत्तर पश्चिम रेलवे का गांधीनगर जयपुर स्टेशन मेन लाइन पर स्थित प्रथम स्टेशन है जो कि महिलाओं द्वारा संचालित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा महिला सशक्तिकरण के अनेक कार्य किए जा रहे है।