27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी करने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने मुख्यमंत्री और मंत्रियों के नामों की घोषणा कर दी है। गुरुवार दोपहर 12:35 बजे राजधानी के रामलीला मैदान में भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने पूर्वांचली वोट बैंक को लेकर बड़े वादे किए थे। अब शानदार जीत के बाद पार्टी ने पूर्वांचली समुदाय को बड़ी सौगात दी है। विकासपुरी विधानसभा सीट से विधायक बने पंकज कुमार सिंह को मंत्री बनाया गया है। पेशे से डेंटिस्ट पंकज कुमार सिंह बिहार के बोधगया स्थित मगध यूनिवर्सिटी से बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (BDS) की डिग्री प्राप्त कर चुके हैं।
दिल्ली सरकार का विभागीय बंटवारा: जानिए किस मंत्री को कौन सा विभाग मिला
कौन हैं पंकज कुमार सिंह?
पंकज कुमार सिंह दिल्ली की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। वह पहले दिल्ली नगर निगम (MCD) में पार्षद रह चुके हैं और कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वह स्वर्गीय राजा मोहन सिंह के पुत्र हैं, जो कभी एमसीडी के कमिश्नर रह चुके थे।
- उनकी पत्नी भी पेशे से डेंटिस्ट हैं।
- उनके परिवार में दो बेटियां हैं।
- वह पहली बार विधायक बने हैं, लेकिन इससे पहले वह निगम पार्षद भी रह चुके हैं।
- विधानसभा चुनाव में उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार महेंद्र यादव को 12,876 वोटों के अंतर से हराया।
- कांग्रेस से उनके खिलाफ एडवोकेट जितेंद्र सोलंकी मैदान में थे।
पंकज कुमार सिंह की संपत्ति और विवाद
48 वर्षीय पंकज कुमार सिंह करीब 4.94 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं।
- उनके खिलाफ एक आपराधिक मामला दर्ज है।
- चुनावी हलफनामे के मुताबिक, उनके पास कोई निजी वाहन नहीं है, लेकिन उनकी पत्नी के पास मारुति XL6 कार है।