दो पूर्व मंत्री समेत सपा-बसपा के कई पूर्व विधायक भाजपा में शामिल

लखनऊ,15 मार्च (हि.स.)। जैसे-जैसे लोकसभा का चुनाव नजदीक आ रहा है, बड़ी संख्या में अन्य दलों के नेता भारतीय जनता पार्टी में अपनी जगह तलाश रहे हैं। शुक्रवार को दो पूर्व मंत्रियों समेत सपा व बसपा के कई पूर्व विधायक भाजपा में शामिल हुए। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के समक्ष पार्टी के राज्य मुख्यालय पर इन नेताओं को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई।

पूर्व राज्य मंत्री अच्छेलाल निषाद (बांदा), पूर्व राज्य मंत्री व बसपा के पूर्व विधायक सिद्ध गोपाल साहू (महोबा), सपा के पूर्व एमएलसी एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी श्याम सुंदर सिंह (झांसी), बसपा के पूर्व विधायक व सपा से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मधुसूधन शर्मा (आगरा), उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ से पूर्व शिक्षक क्षेत्र एमएलसी प्रत्याशी महेन्द्र नाथ राय (लखनऊ) और बसपा के पूर्व विधायक डा. हाफिज इरशाद (आजमगढ़) भाजपा में शामिल हुए।

इसी तरह सपा से पूर्व विधायक व पूर्व जिलाध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा (आगरा), सपा से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी बिपिन कुमार शुक्ला (बस्ती),पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सियावती शुक्ला (उन्नाव), बसपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अंजलि मौर्या (रायबरेली), बसपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी शेलेन्द्र सिंह (आगरा), बसपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी आशीष कुमार सिन्हा (लखनऊ), बसपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी जगदत्त कोरी (लखनऊ), सपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी लाल सिंह लोधी (आगरा) ने बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

इस दौरान प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य तथा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी प्रियंक पाण्डेय उपस्थित रहे। संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर ने किया।