कांग्रेस सुधारों की विरोधी: मनवीर चौहान

7cd6223da420954d05c238ad572c85ea

देहरादून, 19 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि एक देश एक चुनाव देश की प्रगति में अहम कदम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नियति ही सुधारों का विरोध करना है।

पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एक देश एक चुनाव आज समय की आवश्यकता है। इससे देश में अलग अलग चरणों में संसद या विधान सभा अथवा निकाय चुनाव में होने वाले अनावश्यक खर्च से मुक्ति मिलेगी। देश को चुनाव के आर्थिक बोझ से मुक्ति मिलेगी। इसके अलावा अलग-अलग चरणों में होने वाले चुनाव के कारण आदर्श आचार सहिंता लगती है। जिससे नीतिगत फैसले लेने में बाधा उत्पन्न होती है। इससे विकास का बाधित होते हैं। लेकिन यह कानून बनने से विकास कार्य निर्बाध गति से आगे बढ़ सकते हैं।

मनवीर चौहान ने कहा कि यह प्रयोग भारत में ही नही,बल्कि विश्व के 12 देशों में इस तरह से चुनाव प्रक्रिया चल रही है। प्रबुद्ध विशेषज्ञों की समिति ने गुण दोष के आधार पर इसकी संस्तुति दी है। भारत जैसे देश मे यह व्यवस्था लागू होने से निश्चित रूप से विकास प्रक्रिया आगे बढ़ेगी तो साथ ही आर्थिक रूप से भी मजबूती मिलेगी।

चौहान ने कहा कि विपक्षी कांग्रेस और इंडी गठबंधन हमेशा ही देश में सुधारों की प्रक्रिया का विरोध करता रहा है। एनआरसी से लेकर किसान बिल और यूसीसी का वह लगातार विरोध करता रहा है। वहीं राष्ट्र हित से संबंधित फैसलों पर भी नकारात्मक रुख उसका रहा है। विपक्षी दलों को गुण दोष के आधार पर ही अपना रुख तय करना चाहिए। नकारात्मक रुख विकास में अवरोधक होता है। मोदी सरकार में देश हित में लिए जा रहे फैसले देश की प्रगति में मील का पत्थर साबित होंगे।