लगातार पराजय से कांग्रेस अमर्यादित बयानबाजी कर रही है : मनवीर चौहान

देहरादून, 22 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस लगातार मिल रही पराजय से अमर्यादित बयानबाजी कर रही है।

पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने एक जारी बयान में कहा कि कांग्रेस सार्वजनिक जीवन में शिष्टाचार तक भूल गयी है और यह उसकी बौखलाहट है। जब तक उसका कोई कार्यकर्ता या नेता पार्टी में होता है तो वह उसकी शान में कसीदे गढ़ने में कोई कंजूसी नहीं करते लेकिन जैसे ही वह कांग्रेस की कुनीतियों से त्रस्त होकर भाजपा का रुख करता है तो कांग्रेसियों के निशाने पर आ जाता है। उसके लिए माफिया, अवैध धंधे में लिप्त या सरंक्षण पाने जैसे संबोधन शुरू हो जाते हैं।

मनवीर चौहान ने एक सवाल करते हुए कहा कि ऐसे कई नेता है जो कि पहले कांग्रेस से भाजपा में आये और कांग्रेसी उनकी जन्म कुंडली खंगालती रही। जैसे ही उन्होंने दोबारा कांग्रेस का रुख किया तो इसे घर वापसी और उनकी शान में कसीदे गढ़े।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और यहां पर कार्यकर्ता को पूरा सम्मान मिलता है। भाजपा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में, 10 साल के रिपोर्ट कार्ड के साथ जनता की अदालत में है, लेकिन जनता से जुड़े मुद्दों पर जवाब मांगने से कांग्रेस क्यों तिलमिला रही है। अल्पसंखक मुस्लिम तुष्टिकरण पर सवाल पूछने पर वह क्यों बौखला रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ सबका विकास के नारे पर आगे बढ़ रही है। भाजपा कांग्रेस के न्याय पत्र में छिपे एजेंडे को आम जन तक पहुंचाने में पीछे नही रहेगी। देश के संसाधनों पर अल्पसंख्यक मुस्लिमों के पहले अधिकार के वायदे पर उसे स्थिति साफ करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि पीएम सहित अन्य नेताओं के लिए जिस असंसदीय भाषा का प्रयोग कांग्रेस कर रही है यह उसके संस्कार में है। इससे वह नारी जाति का भी अपमान कर रही है। प्रधानमंत्री पहले ही कह चुके हैं कि भ्रष्टाचार पर तीसरे कार्यकाल में भी कड़ी कार्यवाही होगी।