देश को तानाशाही से मुक्ति और झारखंडी जन आकांक्षाओं को आवाज देने का उलगुलान : मनोज पांडेय

रांची, 19 अप्रैल (हि.स.)। रांची के प्रभात तारा मैदान में 21 अप्रैल को होने वाली उलगुलान रैली लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। रैली से पहले पूरे रांची को पोस्टरों और बैनरों से पाट दिया गया है। रांची में बड़े-बड़े पोस्टर और हॉर्डिंग्स लगाये गए हैं। पोस्टर में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन की बड़ी तस्वीर लगाई गई है। पोस्टर में झारखंड के स्वतंत्रता सेनानियों का फोटो सबसे ऊपर लगाया गया है। कुछ पोस्टर में शिबू सोरेन और मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन की फोटो है।

कहा जा रहा है कि चुनावी व्यस्तता की वजह से दक्षिण भारत के कई दिग्गज महारैली में शामिल नहीं हो पाएंगे। हालांकि, उन्होंने झामुमो नेतृत्व को यह जानकारी दी है कि महारैली जिन मुद्दों पर आयोजित की जा रही है और आगे जो रणनीति बनेगी उसमें उनका साथ रहेगा।

झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा कि 21 अप्रैल को होने वाली महारैली कोई सामान्य या चुनावी महारैली नहीं है, बल्कि यह देश को तानाशाही से मुक्ति, संविधान बचाने और झारखंडी जन आकांक्षाओं को आवाज देने की महारैली है। उन्होंने कहा कि देश भर के विपक्षी नेताओं की साझा आवाज प्रभात तारा मैदान से बुलंद होगी। संविधान बचाने, भाजपा की समाज को बांटने की नीति, वन अधिकार कानून में बदलाव, किसानों को एमएसपी , महंगाई, बेरोजगारी सहित तमाम ऐसे मुद्दे हैं, जिसके खिलाफ उलगुलान होगा।

मनोज ने कहा कि मंच से सुनीता केजरीवाल और कल्पना सोरेन एक ही मंच से यह बताएंगी कि कैसे साजिश रचकर उनके पति को सिर्फ इसलिए जेल के अंदर डाल दिया गया क्योंकि वह एक तानाशाह के सामने झुके नहीं।

महारैली में पंजाब के सीएम और आप नेता भगवंत सिंह मान, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल, आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, शिव सेना की प्रियंका चतुर्वेदी, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, नेशनल कॉन्फ्रेंस के फारुख अब्दुल्लाह, सीपीआई माले के दीपांकर भट्टाचार्या और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के प्रतिनिधि के रूप में डेरेक ओ ब्रायन, राजद के राज्यसभा सदस्य मनोज झा सहित कई नेता शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री और झामुमो के केंद्रीय उपाध्यक्ष चम्पाई सोरेन, झारखंड सरकार में शामिल झामुमो, कांग्रेस और राजद के मंत्री भी उलगुलान महारैली में उपस्थित रहेंगे।