करनाल: मुख्य सेवक के रूप में कार्य करते हुए लोगों की समस्याओं का समाधान किया: मनोहर लाल

करनाल, 8 मई (हि.स.)। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल बुधवार सुबह करनाल लोकसभा क्षेत्र के नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क यात्रा पर निकले। इस दौरान दर्जन भर गांव में जनसभाओं के माध्यम से उन्होंने पूरे विधानसभा क्षेत्र को कवर किया। लोगों में अपने नेता से मिलने की होड़ लगी रही। पूर्व मुख्यमंत्री ने अनेक गांवों में लोगों से सीधा संवाद करते हुए मोदी सरकार और हरियाणा सरकार की अनेक योजनाएं गिनाई। मनोहर लाल ने इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ मजबूत करने के लिए हरियाणा की सभी 11 सीटों पर कमल का फूल खिलाने का आह्वान किया।

बुधवार सुबह शुरू हुई यह जनसंपर्क यात्रा वंदे मातरम, भारत माता की जय और नरेंद्र मोदी तथा मनोहर लाल जिंदाबाद के नारों से पूरे इलाके को गुंजायमान कर रही थी। इस अवसर पर भाजपा नेता तथा घरौंडा से विधायक हरविंदर कल्याण और पिछले चुनाव में यहां से भाजपा के प्रत्याशी रहे भगवान दास कबीरपंथी मुख्य रूप से उपस्थित थे।

पूर्व मुख्यमंत्री मनाहर लाल ने कहा कि 1947 में संविधान में कांग्रेस ने एक धारा ऐसी जोड़ी थी, जिससे लगने लगा था कि कश्मीर देश से भी बड़ा हो गया। उस समय यह धारा किसी को समझ नहीं आई। इस धारा के कारण कश्मीर जल रहा था और पाकिस्तान आंखें दिखा रहा था। ऐसे में नरेंद्र मोदी ने एक कलम से इस धारा को तोड़ दिया। कांग्रेस यह कहती थी कि अगर धारा 370 हटाई गई तो खून की नदियां बह जाएंगी लेकिन धारा टूटने के बाद किसी को खरोंच तक नहीं आई। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह धारा टूटने के बाद अब जम्मू कश्मीर भी देश के अन्य राज्यों की तरह भारत का अभिन्न अंग है।

एक-एक परिवार से चार-चार बच्चे नौकरी लगे

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि एक-एक परिवार से चार-चार बच्चे नौकरी लगे हैं और वह भी बहुत गरीब परिवार से। उन्होंने जिक्र किया कि दो दिन पहले एक व्यक्ति उनसे मिला और उसने कहा कि उनकी सरकार में उनके परिवार के चार बच्चे नौकरी लगे हैं। इतनी नौकरियों की उन्हें जरूरत नहीं है। वह खुद नायब तहसीलदार लगा है।