मंजीत सिंह ने परमंडल में विकासात्मक गतिविधियों के पुनरुद्धार की मांग की

विजयपुर, 10 जून (हि.स.)। अपनी पार्टी के जम्मू के प्रांतीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री मंजीत सिंह ने सांबा जिले के परमंडल ब्लॉक में विकासात्मक गतिविधियों के पुनरुद्धार की मांग की है। पूर्व मंत्री ने परमंडल के उतर बेहनी क्षेत्र में सोमवार को एक बैठक की अध्यक्षता की जिसमें उन्हें निवासियों द्वारा सामना किए जा रहे विभिन्न मुद्दों के बारे में जानकारी दी गई।

बैठक को संबोधित करते हुए मंजीत सिंह ने कहा कि परमंडल ब्लॉक में विकास रुका हुआ है खासकर उतर बेहनी में जहां धार्मिक पर्यटक आते हैं। उन्होंने सड़कों, गलियों और नालियों की खराब स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उतर बेहनी में विकासात्मक गतिविधियों को स्पष्ट रूप से अधिकारियों की कोई प्राथमिकता नहीं है। हालांकि यह क्षेत्र जम्मू और कश्मीर के साथ-साथ देश भर से धार्मिक पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की अनियमित आपूर्ति और अनिर्धारित बिजली कटौती के कारण समस्या और भी बढ़ जाती है। खासकर तब जब क्षेत्र में भीषण गर्मी पड़ रही हो। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए लेकिन ऐसा लगता है कि संबंधित विभाग शायद ही लोगों की शिकायतों को सुनते हैं और सरकार में उन अधिकारियों की जवाबदेही का अभाव है जो बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने और सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार हैं।

जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव कराने की पहल का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि निर्वाचित सरकार आम जनता को राहत प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में अधिकारियों द्वारा लोगों की बातों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। विकास संबंधी गतिविधियां बाधित हो रही हैं क्योंकि अधिकारियों को उनके खराब प्रदर्शन के लिए जवाबदेह नहीं बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर जम्मू-कश्मीर में अपनी पार्टी की अगली सरकार बनती है तो पार्टी सभी क्षेत्रों में समान रूप से लंबित विकास कार्यों को गति प्रदान करेगी।