वायनाड में फंसे प्रवासी श्रमिकों को वापस बंगाल लाने के लिए ममता बनर्जी ने उठाए कदम

294178a36e95deddbd7d00e724a1f848

कोलकाता, 03 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भूस्खलन प्रभावित केरल के वायनाड जिले में फंसे राज्य के प्रवासी श्रमिकों को वापस लाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा रही हैं। तृणमूल कांग्रेस ने शनिवार को बताया कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि फंसे हुए श्रमिकों को सभी आवश्यक सहायता मिले।

तृणमूल कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “दीदी हैं सबके साथ, सबके पास”। पोस्ट में कहा गया कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि भूस्खलन प्रभावित वायनाड, केरल में फंसे प्रवासी श्रमिकों को सभी आवश्यक सहायता मिले।

तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि हमारी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सुरक्षित रूप से उन्हें बंगाल वापस लाने के प्रयासों का नेतृत्व कर रही हैं। उनकी जरूरत की इस घड़ी में, हम एकजुट और मजबूत खड़े हैं।

शुक्रवार को राज्य के श्रम मंत्री मलय घटक ने विधानसभा को सूचित किया कि राज्य के 242 प्रवासी श्रमिक वायनाड जिले में फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि सभी श्रमिक सुरक्षित हैं।

घटक ने कहा कि बंगाल के श्रमिक अत्यधिक कुशल होते हैं, इसलिए उनकी हमेशा दक्षिणी राज्यों में मांग रहती है। अगर श्रमिक भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र से लौटना चाहते हैं तो राज्य प्रशासन उनके परिवहन की व्यवस्था करेगा और उनके कल्याण का ध्यान रखेगा।

गौरतलब है कि वायनाड में भूस्खलन में मरने वालों की संख्या 218 हो गई है, जिसमें 90 महिलाएं और 30 बच्चे शामिल हैं। भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों से बरामद 218 शवों में से 152 की पहचान उनके रिश्तेदारों द्वारा की गई है।