यमुनानगर: जनता का अटूट विश्वास भाजपा के साथ: मदन चौहान

यमुनानगर, 23 मई (हि.स.)। निवर्तमान मेयर मदन चौहान ने गुरुवार प्रचार के आखिरी दिन को विधानसभा यमुनानगर की वार्ड नंबर 15 में स्थित सब्ज़ी मंडी, शहजादपुर, अमादलपुर में अम्बाला लोकसभा से भाजपा उम्मीदवार बंतो कटारिया के लिए वोट की अपील की। इस दौरान उन्होंने डोर टू डोर अभियान चलाकर भाजपा के लिए वोट मांगे।

निवर्तमान मेयर मदन चौहान ने कहा कि मोदी को देश के सभी वर्गों की चिंता है। यही कारण है की आज देश का हर वर्ग भाजपा के साथ है और 4 जून को जब चुनाव नतीजे आएंगे तो कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाएगा। उन्होंने कहा की मोदी सरकार में देश का जो विकास हुआ है, उसे जनता ने देखा है और जनता मोदी सरकार पर विश्वास करती है। जिस विजन के साथ 2014 में नरेंद्र मोदी ने प्रधान मंत्री पद की शपथ ली थी, उसे उन्होंने साकार करके दिखाया है।

2047 तक भारत विकसित बने इसी संकल्प के साथ देश की जनता 2024 में मोदी सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर का निर्माण हो या फिर कश्मीर से 370 हटाने का मामला, यह सब मोदी सरकार में ही संभव हो सका है। विपक्ष के पास अब कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए तरह-तरह की भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं। कभी संविधान के नाम पर तो कभी लोकतंत्र के नाम पर लोगों को बहकाया जा रहा है। लेकिन वास्तविकता यह है की भाजपा संविधान का और लोकतंत्र का सम्मान करती है। भाजपा हरियाणा में सभी सीटों पर भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि जनता का लगातार भाजपा को फिर से समर्थन मिल रहा है।