लोस चुनाव 2024: मोदी जी की लड़ाई देश को आगे ले जाने की है और उनकी लड़ाई परिवार को बचाने की: जेपी नड्डा

अनूपपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। मैं यहां आपको एक बात बोलना चाह रहा हूं कि विकास की दृष्टि से अभी जो 10 साल में शहडोल की चिंता हुई है, आगे भी शहडोल एक लंबी छलांग लगाकर विकास में ओर तेज गति से आगे बढ़ेगा। एक तरफ मोदी हैं जो देश को आगे बढ़ाने के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं। दूसरी ओर विपक्ष सिर्फ एक ही काम में जुटा है मोदी हटाओ। जबकि मोदी कह रहे हैं कि देश को आगे ले जाओ। मोदी जी की लड़ाई देश को आगे ले जाने की लड़ाई है और उनकी लड़ाई परिवार को बचाने की है। शहडोल से भी कमल खिलाइए देश के विकास में योगदान दीजिए। यह कहना था भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का। वह मंगलवार को शहडोल लोकसभा उम्मीदवार हिमाद्री सिंह के पक्ष में प्रचार करने यहां आए थे।

नड्डा ने कहा कि मैं एक ही बात कहना चाहता हूं। उस समय जो सरकार बना करती थी, वो समाज को बांट कर परिवार के लिए तुष्टिकरण की राजनीति करती थी। मोदी जी ने सबका साथ सबका विकास के साथ जातिवाद के दलदल से ऊपर उठकर विकासवाद की राजनीति शुरू की है। एक दौर वो भी था, जब आदिवासी युवाओं और किसानों के बारे में कोई नहीं सोचा करता था। आज हम वो दौर देख रहे हैं, जब युवाओं के लिए व किसानों के लिए काम हुआ है। आदिवासी भाइयों का बजट तीन गुना बढ़ा दिया गया है। केंद्र की तरह ही मप्र की भाजपा सरकार ने हर वर्ग का ध्यान रखकर कार्य किया है। अभी मोहन भाई (मप्र के मुख्यमंत्री) ने पिछले तीन माह में जो काम किया है। उसका रिपोर्ट कार्ड देख लीजिए। कांग्रेसी नेता 30-30 साल राज करने के बाद भी उतना नहीं कर पाते, जितना भाजपा की सरकारों में पार्टी के जनप्रतिनिधि करके दिखा देते हैं, दोनों के रिपोर्ट कार्ड की आप स्वयं जनता जनार्दन तुलना कर देख सकती है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि यह हमारी संस्कृति ही है जो हम 3 माह का भी रिपोर्ट कार्ड देते हैं। यह है राजनीति में परिवर्तन। मैं आपको याद दिलाना चाहता हूं। 2014 के पहले आंतकवाद का साया देश में मंडराया करता था। अब कहीं आतंकवाद हो रहा है क्या? पहले आए दिन घोटाले होते थे। अब भ्रष्टाचारियों के खिलाफ एक्शन लिया जा रहा है।

नड्डा ने कहा, शहडोल में तीन लाख बहनों को गैस का कनेक्शन दिया गया है। जल जीवन मिशन के तहत दो लाख 30 हजार लाख लोगों के घर हमने पानी पहुंचाया है। आयुष्मान कार्ड के तहत 83 हजार लोगों को लाभ दिया गया है। शहडोल के लिए मैं बताना चाहता हूं, मोदी जी ने 12 मेडिकल कॉलेज दिए हैं। जिसमें से एक मेडिकल कॉलेड शहडोल को भी मिला है। शहडोल उमरिया और अनूपपुर बिजुरी रेलवे स्टेशन का कायाकल्प होगा। यही विकास है। हमारी लड़ाई देश की जनता के लिए है। किसान, युवाओं, गरीबों को ताकत देने की लड़ाई है।

गरीबों के लिए एयर एंबुलेंस की सुविधा दी: मुख्यमंत्री

इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि जेपी नड्डा यहां पहले युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनकर आए थे, यह सुखद संयोग है कि आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनकर आए हैं। आपने भाजपा को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बना दिया है। हमारे ऐसे अंचल, जहां विकास की ज्यादा संभावना है, वहां हम ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। मेरा पहला प्रयास यही था। हमने पहली कैबिनेट जबलपुर में की है। अभी 100 दिन का समय हमें मिला है। हमने कोशिश की है कि ज्यादा विकास करेंगे। शहडोल में हम आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज खोलेंगे।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस के एक नेता के पास 2-2 हेलीकॉप्टर है। वो हेलीकॉप्टर से उड़ते हैं। हमने गरीबों के लिए हेलीकॉप्टर की सुविधा दी है। हमने मोदी जी की मदद से एयर एंबुलेंस की सुविधा शुरू की है। हमारी सरकार सड़क पर हादसा होने पर घायल को एयर एंबुलेंस की सेवा देगी। हम भक्तों को भी हेलीकॉप्टर की सुविधा देने वाले हैं। जबलपुर में मोदी जी की मदद से बड़ा एयरपोर्ट मिला है। हम छोटे प्लेन चलाएंगे।

उल्लेखनीय है कि यह शहडोल लोकसभा सीट आदिवासी बाहुल्य सीट है। पीएम मोदी भी कुछ महीने पहले शहडोल आए थे। पीएम ने सभा को तो संबोधित किया ही था, साथ ही क्षेत्र के अलग-अलग वर्ग के लोगों के साथ चौपाल लगाई थी।

शहडोल लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने इस बार भी मौजूदा सांसद हिमाद्री सिंह को ही उम्मीदवार बनाया है। हिमाद्री सिंह 2019 में भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर जीत कर सांसद बनी थी। इससे पहले हिमाद्री कांग्रेस में थी और 2017 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी जॉइन की थी। 2019 में भाजपा ने उन्हें टिकट दिया था।