लोकसभा चुनाव देश को पांच वर्ष नहीं, ले जायेगा सौ वर्ष आगे : केशव प्रसाद मौर्य

सीतापुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। इस चुनाव के बाद देश पांच वर्ष नहीं बल्कि सौ वर्ष आगे बढ़ेगा। बूथ अध्यक्ष ने भाजपा को उच्च मुकाम तक पहुंचाया है, बूथ अध्यक्ष भाजपा की ‘जान एवं शान’ है। कार्यकर्ताओं की ताकत बिल्कुल हनुमान जी की तरह है, जैसे हनुमान जी ने कहा था कि ‘रामकाज कीन्हें बिनु मोहि कहां विश्राम’ भाजपा का बूथ अध्यक्ष भी कहता है कि ‘राष्ट्र कार्य किन्हें बिनु मोहि कहां विश्राम।’

यह बात सोमवार को सीतापुर लोकसभा अंतर्गत सदर विधानसभा के बूथ सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कही।

खैराबाद में जेपी लान में आयोजित बूथ सम्मेलन में केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए हुए कहा कि ‘संगठन गढ़े चलो-सुपंथ पर बढ़े चलो, भला हो जिसमें देश का, वो काम सब किए चलो’ इस मंत्र को हमसबको अपनाना है। श्री मौर्य ने कहा पार्टी कि जीत का क्रेडिट बूथ अध्यक्ष को जाता है, पार्टी का नारा है बूथ जीता-चुनाव जीता। इस संकल्प को पूरा करना होगा।

मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाकर कार्यकर्ताओं में भरा जोश

35 मिनट के भाषण में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सम्मेलन में एकत्र सीतापुर विधानसभा के लगभग 600 बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजक व प्रभारी को संबोधित करते हुए कहा कि बूथ अध्यक्ष का काम बहुत ही महत्वपूर्ण है। सरकार व मोदी की उपलब्धियां बताकर हमें अपना बूथ हर हाल में जीतना है। मोदी जी का आवाह्न कि प्रत्येक बूथ पर 370 मत अधिक मिले, इसकी चिंता करनी होगी।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में 52 करोड लोगों के खाते खोले गए। राजीव गांधी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि पहले 15 प्रतिशत जनता तक पहुंचता था और 85 प्रतिशत भ्रष्टाचार का शिकार होता था। आज 29 लाख करोड़ मोदी जी ने देश की जनता को सीधे खाते में भेजा है। सपा बसपा होती तो लूटकर खा जाती। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने कहा है कि जिसने खाया है उससे पाई-पाई वसूल किया जाएगा। भ्रष्टाचारियों को मोदी माफ करने वाले नहीं है।

75 प्रतिशत हमारा है बाकी सब बंटवारा है, और बंटवारे में भी हमारा है

कार्यकर्ताओं से खचाखच भरे हाल में जोश भरते हुए उन्होंने कहा कि इस चुनाव में 75 प्रतिशत हमारा है बाकी सब बंटवारा है, और बंटवारे में भी हमारा है क्योंकि मोदी सरकार ने सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास के नारे के साथ काम कर इस देश को मजबूती दी है।

भाजपा सरकार आने के सपा बनी समाप्तवादी पार्टी

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव व सपा पर निशाना साधते हुए श्री केशव ने कहा कि सपा सरकार का नारा- खाली प्लाट हमारा- जिस गाड़ी में सपा का झंडा-उसमें बैठा गुंडा। उन्होंने कहा भाजपा सरकार आने के बाद समाजवादी पार्टी आज समाप्तवादी पार्टी बन चुकी है।

मैं संघ का स्वयंसेवक मुझमें सैफई के संस्कार नहीं

सपा के नेताओं की बयानबाजी पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि मैं संघ का स्वयंसेवक हूं सपा की उल्टी सीधी बातों का जवाब देना उचित नहीं समझता। मेरे संस्कार सपा व सैफई के नहीं है। इस पार्टी के लोग मानसिक रूप से दिवालिया हो चुके हैं। उनके नेता आए दिन उल्टे सीधे बयान देकर चर्चा में रहने का प्रयास करते हैं।

संविधान खतरे में नहीं बल्कि विपक्ष के नेता खतरे में

श्री मौर्य ने कहा कि हम जब 400 पार का नारा देते हैं तो विपक्ष के लोग दुष्प्रचार करते हैं हम 400 पार की बात करते हैं तो विपक्ष संविधान खतरे में पड़ने की बात कहता है। उन्होंने कहा संविधान खतरे में नहीं बल्कि विपक्ष के नेता खतरे में हैं क्योंकि मोदी के मन में यूपी और यूपी के मन में मोदी,और सीतापुर के मन में भी मोदी हैं।

प्रचंड गर्मी में भी विपक्ष पड़ा ठंडा

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कि इस चुनाव में विपक्ष कहीं मैदान में ही नहीं है। इस प्रचंड गर्मी में विपक्ष ठंडा पड़ गया है। उसका चरित्र देश की जनता जान चुकी है। बूथ अध्यक्षों से कहा कि कमल खिलाने के कारण ही अयोध्या में भव्य राम मंदिर बना, धारा 370 हटाई गई। मोदी ने कहा है कि अभी तो यह झांकी है पूरी पिक्चर बाकी है। यह पिक्चर 4 जून के बाद 400 पार के रूप में दिखाई देगी।

बूथ अध्यक्षों को जीत का मंत्र देते हुए उन्होंने कहा की बूथ पर डटे रहना है, अच्छी तरीके से खाका तैयार करो। हर बूथ 370 मतों से जीतना होगा। उन्होंने कहा कि 2014 में 303 व 2019 में 325 सीटें न होती, कमल ना खिलता तो आज देश की जनता को बदलता हुआ भारत नहीं दिखाई देता। 2024 के चुनाव पर दुनिया की नजर है, क्योंकि वर्तमान व भविष्य भारत का है। आज किसी भी देश में भारत को आंख दिखाने की क्षमता नहीं है, पहले आतंकवादी आते थे, हमला करके चले जाते थे। अब देश बदल चुका है।

मोदी ने गरीबी देखी है तो गरीबों का दर्द भी समझते हैं

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में केवल दो हमले हुए उड़ी व पुलवामा। हमले के बाद में सर्जिकल स्ट्राइक व पुलवामा के बाद एयर स्ट्राइक करके पाकिस्तान को नानी याद दिला दी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ 56 इंच के सीने में ही दम है कि वह विरोधी देश को भी मजबूर कर देता है। विपक्ष के लोग गरीबों का दर्द नहीं समझते। मोदी ने गरीबी देखी है तो दर्द भी समझते हैं।

भाजपा के लिए प्राणों से प्रिय कार्यकर्ता

केशव प्रसाद ने भाजपा के कार्यकर्ताओं को प्राणों से प्रिय बताते हुए कहा भाजपा कार्यकर्ताओं को देवतुल्य मानती है। भाजपा में सबका सम्मान है। पार्टी का कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत करने के लिए तैयार है, इसलिए कार्यकर्ता प्राणों से भी प्रिय है।

सांसद की तारीफ कर बताया बड़ा भाई

सम्मेलन में मौजूद कार्यकर्ताओं से उन्होंने सांसद राजेश वर्मा की तारीफ कर उन्हें अपना बड़ा भाई बताया। उन्होंने कहा कि सीतापुर से लेकर लखनऊ व दिल्ली तक राजेश वर्मा सक्रिय रहते हैं। जनता व कार्यकर्ताओं की बात ऊपर तक रखते हैं। वह हमारे बड़े भाई हैं, उनको इस चुनाव में 5 लाख पार की जीत दिलाकर मोदी जी को मजबूत करना है।

जब बूथ अध्यक्षों का नाम पुकारे तो कुछ दिखे नदारद

सम्मेलन में संगठन के अनुभवी केशव प्रसाद मौर्य ने जब बूथ अध्यक्षों के कार्यो को जानने की कोशिश कर बूथ अध्यक्षों की लिस्ट से अचानक बूथ नंबर सहित जब उनका नाम पुकारा तो सभी गायब दिखे, सीतापुर विधानसभा के बूथ नंबर 264, 265, 252 258 व 150 का नाम लेकर श्री केशव ने जब बूथ अध्यक्षों का नाम पुकारा तो एक भी बूथ अध्यक्ष नहीं उठे, कुछ पल के लिए उन्होंने विधानसभा प्रभारी रामनरेश मिश्रा की ओर देखते हुए कहा कि जो कमी रह गई है, उसे सुधार करो,हालांकि कार्यक्रम के बाद उक्त बूथों के कार्यकर्ताओं से उन्होंने वार्ता की।

पूनम मिश्रा की हुई घर वापसी

भाजपा के सीतापुर विधानसभा बूथ सम्मेलन में पूर्व भाजपा नेत्री पूनम मिश्रा भी मंच पर दिखींं सांसद राजेश वर्मा ने केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में उन्हें पुनः भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। उल्लेखनीय है कि पूनम मिश्रा पूर्व में भाजपा प्रदेश कार्य समिति की सदस्य थीं। 2022 के चुनाव में और नगर पालिका चुनाव में टिकट न मिलने से भाजपा छोड़ कर वह निर्दलीय चुनाव लड़ गई थीं।