लोकसभा चुनाव : भाजपा प्रत्येक वोटर तक बनाएगी पहुंच, बैठकों का दौर जारी

देहरादून, 02 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लोकसभा चुनाव में राज्य के सभी मतदाताओं तक अपनी पहुंच बनाएगी। इसके लिए पार्टी पांच तरह की विशेष अलग-अलग बैठकें आयोजित कर अभियान को धार देने में जुटी है। इन बैठकों को स्वयं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पार्टी के शीर्ष पदाधिकारियों की ओर से निगरानी की जा रही है।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने प्रदेश मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि 01 अप्रैल से 5 अप्रैल तक हम 5 तरीके से कमरा और छोटी बैठक का विशेष अभियान चला रहे हैं। ये बैठकें स्थान,वर्ग और संख्या विशेष के अनुसार बंद कमरे और सार्वजनिक रूप से की जा रही हैं। इस दौरान हमारे पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता विभिन्न वर्गों के वोटर्स लक्ष्य कर उनसे संबंधित विषयों पर चर्चा करते हुए उन्हें अपनी पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में वोट करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। जिसके क्रम में नव मतदाता,महिला,बूथ स्तर प्रभावशाली के वोटर, पूर्व सैनिक,सामाजिक कार्यों से जुड़े लोगों व अन्य वर्गों के साथ बैठा जाएगा। जिसमे पन्ना स्तर पर न्यूनतम 5-6 लोगों तक की संख्या की बैठकें भी की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि इन बैठकों को संचालित करने की जिम्मेदारी पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों को दी गई है। जिसमें नव मतदाता से जुड़ने की जिम्मेदारी युवा मोर्चा, मातृशक्ति से संपर्क की जिम्मेदारी महिला मोर्चा, पूर्व सैनिकों और कर्मचारी के साथ चर्चा का काम पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ, सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोगों के साथ बैठने की जिम्मेदारी संबंधित प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं को सौंपी गई है।

इन प्रकोष्ठों की टीम बूथ स्तर पर पन्ना टोलियों से समन्वय बनाते हुए इन सभी बैठकों को आयोजित करेंगे। मकसद स्पष्ट है कि मतदान के प्रतिशत में बढ़ोत्तरी करना और इस बढ़े हुए प्रतिशत में अधिकांश हिस्सा अपने उम्मीदार के पक्ष में हासिल करना है। इन बैठकों को स्वयं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पार्टी के शीर्ष पदाधिकारियों की ओर से निगरानी की जा रही है।