उप्र के झांसी और ललितपुर में चमकेगी आकाशीय बिजली

Photo 09 939

कानपुर, 29 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मौसम में बराबर बदलाव देखा जा रहा है और शुक्रवार को तेज धूप व हवाओं की बदली दिशाओं से तापमान सामान्य से अधिक पहुंचा गया।दिन का पारा अधिक होने से जहां लोगों को तेज गर्मी का एहसास हुआ तो वहीं रात में पंखे फर्राटे भरते रहे। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिन उत्तर प्रदेश के झांसी और ललितपुर में मौसम बदला रहेगा। यहां पर मेघ गर्जन के साथ जहां तेज हवाएं चलेंगी तो वहींं आकाशीय बिजली भी गिरने की संभावना है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शुक्रवार को बताया कि पश्चिमी राजस्थान और इससे सटे पाकिस्तान पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ उत्तर-पूर्व बिहार से दक्षिण-पूर्व असम तक बना हुआ है। ट्रफ/हवा का विच्छेदन दक्षिण आंतरिक कर्नाटक से पूर्वी विदर्भ तक समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक गर्त के रूप में अपनी धुरी 5.8 किमी के साथ अब लगभग 56 डिग्री पूर्व देशांतर के साथ 25 डिग्री उत्तर अक्षांश के उत्तर में चल रहा है। केरल और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।

29 मार्च से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। इससे उत्तर प्रदेश का मौसम भी प्रभावित होगा और स्थानीय स्तर पर कुछ जनपदों में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं झांसी और ललितपुर में मेघ गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने के आसार हैं और करीब 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 36.0 और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 75 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 41 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रहीं जिनकी औसत गति 5.1 किमी प्रति घंटा रही।

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में अगले पांच दिनों मे हल्के से मध्यम बादल छाये रहने के आसार हैं किंतु वर्षा की कोई संभावना नहीं है। हवाओं की गति सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। वहीं तापमान बढ़ने के कारण और आर्द्रता रहने से गर्मी अधिक महसूस होती रहेगी।