यमुनानगर: प्रदेश में निकला कानून व्यवस्था का दिवाला: दीपेंद्र हुड्डा

68f6525c77455cf26d8cfd231e5c9ac6

यमुनानगर, 16 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस के रोहतक से लोकसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था का पूरी तरह से दिवाला निकल गया है। प्रदेश में अपराध देश में सबसे अधिक हो रहे हैं। आज रंगदारी और फिरौती के नाम पर गुंडागर्दी चरम पर है।

कांग्रेस की हरियाणा मांगे हिसाब पद यात्रा में मंगलवार को रोहतक से सांसद दीपेंद्र हुड्डा यमुनानगर में शामिल होने पहुंचे। उनके साथ अंबाला से सांसद वरुण चौधरी, कुरुक्षेत्र से पूर्व सांसद कैलाशो सैनी, रादौर से विधायक बी.एल सैनी, पूर्व मंत्री सुभाष चौधरी भी शामिल रहें। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने अपनी पदयात्रा नागरिक अस्पताल यमुनानगर से शुरू की और उसका समापन भगत सिंह चौक पर किया गया। इस दौरान उन्होंने आमजन की समस्याओं सुनी और घोषणापत्र को लेकर भी सुझाव मांगे।

पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कैबिनेट मंत्री कंवर पाल के चैलेंज को स्वीकार करते हुए कहा कि भाजपा और कैबिनेट कृषि मंत्री कंवरपाल गुर्जर कांग्रेस के मुकाबले अपने विकास की बात करते हैं तो वह बताएं कि पिछले 10 साल में जिला यमुनानगर में कितने उद्योग लगे, कितनी बेरोजगारी खत्म की। उन्होंने कहा कि जब कंवर पाल शिक्षा मंत्री थे उस समय प्रदेश में शिक्षा का क्या हाल हुआ। प्रदेश नहीं पूरे देश में उसकी चर्चा हुई।

वहीं उन्होंने कहा कि वह बताएं कि यहां पर विश्व प्रसिद्ध प्लाइवुड उद्योग का आज क्या हाल है। कितनी यूनिट यहां पर बंद हुए हैं। उन्होंने कहा कि वे बताए की जिले में पिछले 10 सालों में खनन माफियाओं ने यहां की खनिज संपदा को कैसे और कितना लूटा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय पर यमुनानगर से वाया सढौरा, पंचकूला के लिए रेलवे लाइन का प्रोजेक्ट को इनकी सरकार ने बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि यहां पर लगाया गया थर्मल पावर का प्रोजेक्ट कांग्रेस राज में भूपेंद्र सिंह हुड्डा के मुख्यमंत्री रहते हुए लगाया गया था। दादूपुर-नलवी नहर का निर्माण कराया गया और भाजपा ने उसको बंद करने का काम किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेसी नेता शामिल रहे।