दिल्ली में सरकार गठन और मुख्यमंत्री व कैबिनेट की शपथ के बाद अब विभागों का भी बंटवारा कर दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खुद अपने पास पांच महत्वपूर्ण विभाग रखे हैं, जबकि उपमुख्यमंत्री प्रवेश वर्मा को तीन अहम विभागों की जिम्मेदारी दी गई है। अभी इस बारे में आधिकारिक घोषणा होनी बाकी है, लेकिन मंत्रियों को उनके विभाग सौंपे जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पास पांच विभाग
नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने पास गृह, वित्त, सेवा, सतर्कता (विजिलेंस) और योजना विभाग की जिम्मेदारी रखी है। ये सभी विभाग शासन और प्रशासन के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जाते हैं। वित्त विभाग के जरिये वह दिल्ली की आर्थिक नीतियों को नियंत्रित करेंगी, जबकि गृह मंत्रालय से राजधानी की कानून-व्यवस्था पर नजर रखेंगी।
पीएम मोदी और पवन कल्याण की दिलचस्प बातचीत
प्रवेश वर्मा बने उपमुख्यमंत्री, मिले अहम विभाग
अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली विधानसभा सीट पर हराने वाले प्रवेश वर्मा को सरकार में उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। उन्हें शिक्षा, लोक निर्माण विभाग (PWD) और परिवहन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। दिलचस्प बात यह है कि इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को भी शिक्षा विभाग सौंपा था। इसी परंपरा को अब रेखा गुप्ता ने जारी रखा है। इसके अलावा दिल्ली की सड़कों और परिवहन व्यवस्था में सुधार का काम भी प्रवेश वर्मा को सौंपा गया है।
मंत्रियों और उनके विभागों की पूरी लिस्ट
दिल्ली सरकार में शामिल अन्य मंत्रियों को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। आइए देखते हैं किसे कौन सा विभाग सौंपा गया है:
1. मनजिंदर सिंह सिरसा – स्वास्थ्य, शहरी विकास, उद्योग
सिख समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले मनजिंदर सिंह सिरसा को स्वास्थ्य, शहरी विकास और उद्योग मंत्रालय दिया गया है। उनके कार्यकाल में दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी ढांचे में सुधार की उम्मीद की जा रही है।
2. रवींद्र कुमार इंद्रराज – समाज कल्याण, एससी/एसटी मामले, श्रम
दलित समाज से आने वाले रवींद्र कुमार इंद्रराज को समाज कल्याण, अनुसूचित जाति/जनजाति (SC/ST) मामलों और श्रम विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
3. कपिल मिश्रा – जल, पर्यटन, संस्कृति
करावल नगर से विधायक बने कपिल मिश्रा को जल, पर्यटन और कला एवं संस्कृति (Art & Culture) विभाग सौंपा गया है। उनका काम दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ जल प्रबंधन को बेहतर बनाना होगा।
4. आशीष सूद – राजस्व, पर्यावरण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति
आशीष सूद को राजस्व, पर्यावरण और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्रालय दिया गया है। दिल्ली में प्रदूषण की समस्या को देखते हुए पर्यावरण मंत्रालय काफी अहम भूमिका निभाएगा।