खंडेलवाल और चंदोलिया ने चुनाव अभियान को नई गति देते हुए किया संयुक्त प्रचार

30khandelwal1 756

नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स.)। राजधानी दिल्ली के चांदनी चौक लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी प्रवीण खंडेलवाल और उत्तर पश्चिम क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी योगेन्द्र चंदोलिया ने शनिवार को संयुक्त रूप से पश्चिम विहार के निवासियों के बीच सघन जन संपर्क अभियान की शुरुआत की।

दोनों भाजपा प्रत्याशियों ने लोकसभा चुनाव अभियान को एक नई गति देते हुए पश्चिम विहार क्षेत्र के निवासियों के बीच जन संपर्क अभियान की शुरुआत की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी को घर-घर जाकर लोगों को बताया। इस चुनाव अभियान के दौरान प्रवीण खंडेलवाल और योगेन्द्र चंदोलिया ने लोगों से भाजपा के लिए समर्थन मांगा। पश्चिम विहार राजधानी दिल्ली का वो इलाक़ा है, जहां दोनों लोकसभा क्षेत्रों की सीमाएं मिलती हैं। इसी वजह से दोनों भाजपा उम्मीदवारों ने एक साथ संयुक्त प्रचार किया।

जनसंपर्क अभियान के दौरान खंडेलवाल एवं चंदोलिया ने एक साथ संयुक्त रूप से लोगों से आग्रह किया कि दिल्ली के बेहतर भविष्य एवं ढांचागत विकास के लिए राजधानी दिल्ली की सातों सीटों पर भाजपा के सभी प्रत्याशियों को बड़े बहुमत से विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देशभर में जो विकास की गंगा प्रवाहित की गई है, उसको और अधिक तेज गति देने के लिए भाजपा को विजयी बनाना अब नितांत जरूरी हो गया हैं।

खंडेलवाल एवं चंदौलिया ने लोगों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देश को विश्व गुरु बनाने के अभियान से जुड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश के युवाओं को सशक्त बनाने के लिए अथक प्रयास कर रही है। 2014 से लेकर अबतक मोदी सरकार ने अनेक योजनाओं की शुरुआत की है, जो युवाओं के लिए कारगर साबित हुई है। इन योजनाओं में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना और पीएम स्वनिधि योजना प्रमुख है, जिससे युवाओं को निरंतर लाभ मिलता रहा है।

भाजपा प्रत्याशियों ने कहा कि पिछले 10 सालों में पीएम मोदी के नेतृत्व में जिस तरीके से हर वर्ग के लोगों का विकास किया उसी तरीके से लोगों की समस्याओं का समाधान करके उसको और बेहतर तरीके से बनाया जाएगा। जन संपर्क अभियान में महिलाओं को दोनों प्रत्याशियों ने आश्वस्त किया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत महिलाओं के सशक्तिकरण की ओर लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा और सशक्तिकरण मोदी की गारंटी है। खंडेलवाल और चंदौलिया ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार तरक्की कर रहा है।