कैथल पुलिस को जोगिंद्र ग्योंग की तलाश, जारी करवाया रेड कॉर्नर नोटिस

कैथल, 10 जुलाई (हि.स.)। कुख्यात गैंगस्टर सुरेंद्र ग्योंग के भाई जोगिंद्र ग्योंग की फिलीपींस में गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे कैथल लाने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। कैथल पुलिस ने जोगिंद्र ग्योंग की गिरफ्तारी के लिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवा रखा है। जोगिंद्र ग्योंग की पुलिस लंबे समय से तलाश कर रही थी। अदालत ने उसे उम्र कैद की सजा दी थी, लेकिन न्यायालय से मिली पैरोल के बाद से वह फरार हाे गया था। फरार होने के बाद उस पर पानीपत में एक व्यक्ति की हत्या किए जाने का मामला भी दर्ज है।कैथल सीआइए पुलिस के मुताबिक उन्हें इंटरनेट से ही जोगिंद्र ग्योंग के पकड़े जाने की जानकारी मिली है।

जोगिंद्र ग्योंग‌ वर्ष 2022 से फिलिपींस नेपाली पासपोर्ट पर कांत गुप्ता बन कर रह रहा था और बिजनेस कर रहा था। जोगिंद्र ग्योंग पर कैथल में हत्या, फिरौती सहित कई जघन्य अपराधों में मुकदमे दर्ज हैं। उसने कांग्रेस के राष्ट्रीय जोगेंद्र महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला को भी जान से मारने की धमकी दी थी। अपने भाई सुरेंद्र ग्योंग के एनकाउंटर के बाद जोगिंद्र ने करनाल के एक युवक जयदेव शर्मा की हत्या की थी। जोगेंद्र को शक था कि सुरेंद्र ग्योंग का एनकाउंटर जयदेव की मुखबिरी के चलते पुलिस ने किया था। इसी तरह से पानीपत में उसने एक व्यक्ति की हत्या को अंजाम दिया। उस पर पुलिस ने एक मामले में एक लाख रुपये का इनाम रखा था। जोगिंद्र ग्योंग पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2006 में हुए कैथल के प्लाईवुड व्यापारी नरेंद्र अरोड़ा हत्याकांड के बाद दक्षिण अफ्रीका फरार हुए जोगिंद्र ग्योंग को उसके दो अन्य साथियों के साथ पुलिस ने वहां से गिरफ्तार किया था। प्रत्यर्पण संधि के अंतर्गत वर्ष 2008 में दक्षिण अफ्रीका पुलिस उसे कैथल लेकर आई थी। वह अपने बड़े भाई सुरेंद्र ग्योंग को देख कर ही अपराध जगत में उतरा था। गैंगस्टर सुरेंद्र ग्योंग को वर्ष 27 जनवरी 2018 काे करनाल और कैथल पुलिस के संयुक्त आपरेशन के तहत करनाल के गांव राहड़ा में उस वक्त एनकाउंटर में मार गिराया गया था। जोगिंद्र ग्योंग ने इसके पीछे सुरेंद्र ग्योंग के साथी रहे जयदेव पर मुखबिरी का शक जताया था। इसके बाद जोगिंद्र ग्योंग ने करनाल में उसकी हत्या करदी थी।जिसके चलते करनाल में उसकी हत्या कर दी थी।

भारत आने के बाद कैथल पुलिस करेगी गिरफ्तार
एसपी उपासना ने बताया कि इंटरपोल की‌ डिपोर्ट एजेंसी सीबीआई है। कैथल पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवा रखा है। भारत में डिपोर्ट होने के बाद कैथल पुलिस यहां के मामलों में जोगिंद्र ग्योंग को गिरफ्तार करेगी। सुरेंद्र ग्योंग को भी कैथल पुलिस सीबीआई के माध्यम से ही दक्षिण अफ्रीका से लेकर आई थी। एक बार भारत में आने के बाद ही पुलिस सक्रिय होगी और अपनी कार्रवाई शुरू करेगी।