जिसको कोई नहीं पूछता था, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूछते हैं: ज्योतिरादित्य सिंधिया

अशोकनगर, 22 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार देश का विकास कर रहे हैं। केंद्र और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार हमेशा जनता के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। कांग्रेस के शासनकाल में जिसको कोई पूछता नहीं था, उसे प्रधानमंत्री मोदी पूछते हैं। भाजपा सरकार गरीबों के कल्याण के साथ उनके हर सुख-दुख व विपदा में साथ खड़ी रहती है।

यह बात केन्द्रीय मंत्री व गुना-शिवपुरी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को अशोकनगर जिले के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क और जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते दस वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा किए गए गरीब कल्याण, जन हितैषी और लाभार्थी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं के साथ दलितों और आदिवासियों के कल्याण के लिए भाजपा की डबल इंजन सरकार कार्य कर रही है। बीते माह मार्च में ओलावृष्टि होने से अशोकनगर जिले के 28 गांव के किसान प्रभावित हुए थे, उनकी फसलें खराब हुई थीं। ऐसे स्थिति में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर 48 घंटे के अंदर किसानों की खराब फसलों का सर्वे कराया गया और उन्हें राहत राशि भी प्राप्त हो चुकी है।

गिनाईं केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां

सिंधिया ने प्रधानमंत्री मोदी और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि जिन माताओं और बहनों के बारे में किसी ने नहीं सोचा, उनके बारे में प्रधानमंत्री मोदी ने सोचा। मध्यप्रदेश में सवा करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों को 1250 रुपये प्रतिमाह भाजपा सरकार दे रही है। यह एक राशि नहीं महिलाओं को भाजपा सरकार सम्मान दे रही है। अयोध्या में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का सपना प्रधानमंत्री मोदी ने पूरा किया। करीब चार करोड़ लोगों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं और अगले पांच वर्ष में भाजपा सरकार तीन करोड़ पक्के आवास और बनाएगी। करीब 10 करोड़ महिलाओं को उज्जवला योजना का लाभ मिल रहा है, आज गरीब के पास आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख रुपये की मोदी की गारंटी मिलती है और इसीलिए गारंटी है तो मोदी की गारंटी है। सिंधिया ने भारत को विकसित राष्ट्र और विश्व गुरू बनाने के लिए भाजपा को वोट देने की अपील की है।

10 कांग्रेस नेता भाजपा में हुए शामिल

केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समक्ष अशोक नगर में दस कांग्रेस नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। सिंधिया ने भाजपा में शामिल होने वाले सभी नेताओं को पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।