मोटर वाहन दुर्घटना से संबंधित विशेष लोक अदालत के लिए न्यायायुक्त ने की बैठक

रांची, 10 मई (हि. स.)। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा)के निर्देश पर रांची जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से तीन जून से सात जून तक रांची सिविल कोर्ट में मोटर वाहन दुर्घटना के मामलों पर समझौता के लिए प्री-लोक अदालत होनी है।

साथ ही आठ जून को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाना है। इसकी तैयारियों को लेकर शुक्रवार को रांची सिविल कोर्ट के न्यायायुक्त दिवाकर पांडे की अध्यक्षता में न्यायिक पदाधिकारियों, इंश्योरेस कंपनी और अन्य हितधारकों के साथ बैठक की गयी। इसमें मोटर वाहन दुर्घटना अधिनियम से संबंधित मामलों को देखते हुए न्यायायुक्त ने निर्देश दिये।

उन्होंने कहा कि अगामी विशेष लोक अदालत को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक वादों को चिन्हित कर पक्षकारों को नोटिस भेजें, ताकि झालसा के निर्देशानुसार संबंधित लंबित वादों को सफलतापूर्वक निपटाया जा सके।