जींद: संदिग्ध परिस्थितियों में पत्नी ने लगाया फांसी का फंदा

जींद, 21 मई (हि.स.)। श्याम नगर में पत्नी ने संदिग्ध परिस्थितयों के चलते फांसी का फंदा लगा लिया। पति हरिद्वार गया हुआ था। घटना की सूचना पाकर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। मंगलवार को मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है। शहर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

श्याम नगर निवासी विकास की पत्नी नेहा (22) का शव बीती देर शाम उसके मकान में फांसी के फंदे पर लटका पाया गया। घटना का उस समय पता चला जब विकास हरिद्वार से अपने घर लौटा। आवाज देने पर जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो कुछ अनहोनी का संदेह हुआ। जब दरवाजे को तोड़ कर देखा तो नेहा फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। घटना की सूचना पाकर शहर थाना पुलिस फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम के साथ मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया।

विकास ने कहा कि उसकी शादी लगभग दो साल पहले नेहा के साथ हुई थी। वह तीन दिन पहले कार्यवश हरिद्वार चला गया था। जब वह वापस लौटा तो उसकी पत्नी फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। शहर थाना पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया। महिला ने फांसी लगा कर जान क्यों दी, इसके बारे में खुलासा नहीं हो पाया है। मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शहर थाना के जांच अधिकारी राम मेहर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।