जींद: प्रधानमंत्री मोदी ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की सरकार दी: नायब सैनी

जींद, 8 मई (हि.स.)। बुधवार को नरवाना में बीजेपी की विजय संकल्प रैली में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाने साधे और देश की भलाई के लिए तीसरी बार नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का आह्वान किया। रैली में उनके साथ सिरसा लोकसभा से पार्टी प्रत्याशी अशोक तंवर, राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, प्रदेश महामंत्री सुरेन्द्र पूनिया सहित अनेक नेता मौजूद थे। इस दौरान जजपा के नरवाना से विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा ने भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। मुख्यमंत्री सैनी सहित तमाम पार्टी नेताओं ने सुरजाखेड़ा का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया और पूरे मान सम्मान का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने गरीबों के लिए आयुष्मान, चिरायु योजना शुरू की। अब गरीबों को ईलाज के लिए किसी के आगे हाथ फैलाने की जरूरत नहीं रही। गरीब मान सम्मान के साथ अपना ईलाज करवा सकते हैं। पहले गैस सिलेंडर के लिए 3 दिन तक लाइन में लगना पड़ता था, अब सरकार घर द्वार पर गैस पहुंचा रही है। महिलाओं को उज्जवला योजना के तहत निःशुल्क सिलैंडर दिए जा रहे हैं। सर्दी हो, गर्मी हो या बरसात हो, सिलैंडर के लिए लोगों को लाइन में नहीं लगना पड़ता। सैनी ने कहा कि कांग्रेस के शासन में गरीबों के बैंक में खाते नहीं खोले जाते थे, उन्हें अपमान सहना पड़ता था, पिछले दस सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 50 करोड़ गरीब लोगों के जीरो बैलेंस पर बैंक में खाते खुलवाए।

सिरसा संसदीय क्षेत्र के किसानों के खाते में आए 4500 करोड़ रुपएः तंवर

भाजपा प्रत्याशी डा. अशोक तंवर ने कहा कि 2024 का चुनाव कोई साधारण चुनाव नहीं है। यह तीन-चार पीढिय़ों के भविष्य निर्धारण का चुनाव है। पिछले दस वर्ष का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यकाल है। उन्होंने एक मजबूत बुनियाद रखी है। जरूरतमंदों के घरों में शौचालय बनवाए। 14 करोड़ घरों में स्वच्छ जल पहुंचाया। आयुष्मान के जरिए गरीब का ईलाज किया जा रहा है।

विधायक सूरजाखेड़ा ने भाजपा को दिया समर्थन

विशेष बात यह है कि नरवाना में आयोजित विजय संकल्प रैली में नरवाना के विधायक रामनिवास सूरजाखेड़ा भी शामिल हुए और खुलकर भाजपा को समर्थन दिया। 2019 में हुए विधानसभा चुनाव में रामनिवास सूरजाखेड़ा ने करीब 79 हजार वोट लेते हुए भाजपा की संतोष रानी को करीब 21 हजार वोटों के अंतर से पराजित किया था।