जींद के नगर परिषद कर्मियों ने मांगों को लेकर किया प्रदर्शन

जींद , 12 जुलाई (हि.स.)। अपनी लंबित मांगो को लेकर नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर कर्मियों ने नेहरू पार्क से नगर परिषद क प्रदर्शन किया। संघ ने ऑनलाइन स्वच्छतम पोट्र्रल जारी किए गए पत्र को वापस लिए जाने व गुरुग्राम के 26 सफाई कर्मचारी नेताओं को बहाल किए जाने की मांग की।

शुक्रवार को प्रदर्शनकारी कर्मियों को संबोधित करते हुए सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ब्लॉक प्रधान मनदीप नेहरा, नगर पालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान जगदीश कुमार व ब्लॉक प्रधान बिजिंदर कांगडा ने कहा कि संगठन द्वारा 19 से 29 अक्टूबर 2022 में 11 दिनों तक की गई सफल हड़ताल के दवाब मे शहरी स्थानीय निकाय विभाग की तरफ से पत्र जारी किए गए थे लेकिन जिन मांगों पर सहमति बनी थी वो ज्यों की त्यों है। उन्होंने कहा कि मुख्य मांगो में आठ फरवरी के शहरी स्थानीय निकाय विभाग के पत्र के अनुसार सभी पे-रोल के कर्मचारियों को पक्का करने, डोर टू डोर के कर्मचारियों को 14500 रुपये मासिक वेतन देने व ईपीएफ, ईएसआई जमा करवाने, गुरुग्राम, कैथल व अन्य पालिका, परिषदों, निगमों से हटाए गए कर्मचारियों को दोबारा से ड्यूटी पर लेना और फायर के 1366 अनियमित कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा देना आदि शामिल है।

इन्ही मांगो को लेकर संगठन का राज्य डेपुटेशन विभागीय मंत्री सुभाष शुधा के अवास पर मांगो व समस्याओ के समाधान के लिए पहुंचे थे। मांगों के समाधान का आश्वासन भी दिया गया था लेकिन आजतक भी उनकी मांगों को नही माना गया है। जिससे कर्मचारियों में रोष बढ़ रहा है। जिसके चलते कर्मचारी आंदोलन की राह पर हैं। अब 13 से 20 जुलाई तक राज्य स्तरीय छह जत्थे सभी 93 ब्लॉकों में बैठक कर 21 जुलाई को राज्य स्तरीय सम्मेलन बुला कर बड़े आंदोलन की घोषणा करेंगे। इस मौके पर सोहन लाल, राजबीर, अजय कुमार, हरबंस लाल, सूरजमल, जितेंद्र कुमार, सुमित कुमार, गौरव, संजय कुमार व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।