रांची में मेडिकल छात्रा से हैवानियत: लाइब्रेरी वाली दोस्ती, शादी का झांसा और फिर... ऐनम खान गिरफ्तार
झारखंड की राजधानी रांची में एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही एक होनहार छात्रा को प्यार और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया है। आरोपी का नाम ऐनम खान है, जिसने एक सोची-समझी साजिश के तहत पहले छात्रा से गहरी दोस्ती की और फिर उसकी भावनाओं से खेलते हुए उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी। पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
शादी के नाम पर लगातार किया शारीरिक शोषण
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पीड़ित छात्रा रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में रहकर अपने डॉक्टर बनने के सपने को साकार करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही थी। पढ़ाई के दौरान वह अक्सर एक स्थानीय लाइब्रेरी में जाया करती थी। इसी लाइब्रेरी में उसकी मुलाकात ऐनम खान नाम के युवक से हुई। शुरुआत में दोनों के बीच पढ़ाई-लिखाई को लेकर सामान्य बातचीत शुरू हुई, जो कुछ ही समय में गहरी दोस्ती और फिर प्रेम-प्रसंग में तब्दील हो गई। ऐनम खान ने मासूम छात्रा को जीवनभर साथ निभाने और शादी करने के हसीन सपने दिखाए। शादी का पक्का वादा करने के बाद उसने छात्रा को अपने झांसे में ले लिया और उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाने लगा।
शादी से इनकार के बाद खुला धोखे का राज
काफी समय बीत जाने के बाद जब पीड़ित छात्रा ने ऐनम खान पर शादी करने का दबाव बनाना शुरू किया, तो उसने अपना असली रंग दिखा दिया। आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया, जिससे छात्रा के पैरों तले जमीन खिसक गई। उसे यह समझते देर नहीं लगी कि प्यार के नाम पर उसका सिर्फ यौन शोषण किया गया है। धोखे से आहत छात्रा ने हिम्मत जुटाई और अपने साथ हुई इस पूरी ज्यादती की जानकारी अपने परिवार वालों को दी। इसके बाद परिजनों के साथ जाकर उसने रांची के लोअर बाजार थाने में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की नामजद एफआईआर दर्ज करवाई।
सरायकेला खरसावां से आरोपी ऐनम खान गिरफ्तार
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए लोअर बाजार थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। दर्ज एफआईआर के आधार पर पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया और आरोपी की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी। आखिरकार पुलिस की यह कार्रवाई रंग लाई और सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के रहने वाले आरोपी ऐनम खान को गिरफ्तार कर लिया गया। कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
कुछ दिन पहले हुए नशीले पिज्जा कांड से फिर सहमी राजधानी
राजधानी रांची में मेडिकल छात्राओं की सुरक्षा को लेकर उठा यह कोई पहला बड़ा सवाल नहीं है। आपको बता दें कि अभी महज कुछ दिन पहले ही लालपुर थाना क्षेत्र में एक बेहद खौफनाक वारदात हुई थी। वहां एमडीएस (मास्टर इन डेंटल सर्जरी) की पढ़ाई कर रही एक छात्रा को उसके दोस्तों ने धोखे से एक बर्थडे पार्टी में बुलाया था। इसके बाद उसे नशीला केक और पिज्जा खिलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म को अंजाम दिया गया था। उस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए पीड़िता की दोस्त ओली विश्वकर्मा समेत मोहम्मद दानिश और फहद मल्लिक को गिरफ्तार किया था, जबकि एक अन्य आरोपी शादाब ने दबाव में आकर अदालत में खुद सरेंडर कर दिया था। लगातार हो रही इन आपराधिक घटनाओं से बाहर से आकर पढ़ाई करने वाले छात्रों और उनके परिजनों में गहरी चिंता का माहौल है।