==========HEADCODE===========

झारखंड वैश्य मोर्चा के अध्यक्ष महेश्वर साहू समर्थकों के साथ कांग्रेस में हुए शामिल

रांची, 26 अप्रैल (हि. स.)। प्रदेश कांग्रेस के तत्वाधान में शुक्रवार को मिलन समारोह का आयोजन कांग्रेस भवन रांची में किया गया। मिलन समारोह में झारखंड वैश्य मोर्चा के अध्यक्ष महेश्वर साहू ने सैकड़ो समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय ने माला पहनाकर महेश्वर साहू और उनके समर्थकों को कांग्रेस के सदस्यता दिलाई।

मौके पर राजेश ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा से प्रभावित होकर और देश के वर्तमान माहौल को देखते हुए महेश्वर साहू ने अपने लोगों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। देश के वर्तमान हालात में अच्छे भविष्य के लिए राहुल एक उम्मीद की किरण के रूप में देशवासियों को नजर आ रहे हैं। महेश्वर साहू लगातार अपने समाज की बातों को उठाते रहे हैं और अपने समाज के हित के लिए मांगों को मजबूती के साथ उठाते रहे हैं।

राहुल गांधी ने भी पूरे देश की जनता के सामने कांग्रेस का स्पष्ट नजरिया मेनिफेस्टो के माध्यम से भी रख दिया है कि जिसकी जितनी भागीदारी उसकी उतनी हिस्सेदारी, जब से कांग्रेस ने जनता के सामने महंगाई, बेरोजगारी,जातिगत जनगणना, पांच न्याय 25 गारंटी को जनता के सामने पूरे रोड मैप के साथ पेश किया है तब से भाजपा की आंखों से नींद उड़ गई है।