Jharkhand : रांची शर्मसार,दिव्यांग भतीजी को मामा ने बनाया गर्भवती, दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार
- by Archana
- 2025-08-21 14:53:00
News India Live, Digital Desk: झारखंड की राजधानी रांची से एक बेहद शर्मनाक और हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां एक रिश्ते के मामा ने अपनी ही 13 वर्षीय दिव्यांग (मूक-बधिर) नाबालिग भतीजी के साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म की वजह से नाबालिग गर्भवती हो गई। यह जघन्य कृत्य कई महीनों तक चलता रहा, जिसके बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी।
पीड़िता ने अपनी दीदी को आपबीती बताई, जिसके बाद पूरे परिवार को घटना की जानकारी हुई। परिजन बच्ची को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसकी बिगड़ती हालत देखी और जांच के दौरान उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। इस मामले के सामने आते ही परिजनों ने आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नाबालिग के मामा के खिलाफ रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी मामा, जो मोहर्रम टोला, कोकर का निवासी है, को सूचना मिलते ही मौके से गिरफ्तार कर लिया गया और जेल भेज दिया गया।
फिलहाल, नाबालिग का मेडिकल कराया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मेडिकल के बाद उसे रिमांड होम भेजा गया है। पीड़िता की मानसिक स्थिति गंभीर बताई जा रही है। रांची पुलिस इस घिनौने अपराध को गंभीरता से ले रही है और पूरे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है ताकि न्याय सुनिश्चित हो सके।
Tags:
Share:
--Advertisement--