सड़क दुर्घटना पर झालसा अध्यक्ष ने लिया संज्ञान

रांची, 23 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी के मोरहाबादी के ऑक्सीजन पार्क के समीप सोमवार रात हुई सड़क दुर्घटना पर झारखंड हाई कोर्ट के जस्टिस सह झारखंड लीगल सर्विस अथॉरिटी (झालसा) के कार्यपालक अध्यक्ष सुजीत नारायण प्रसाद ने संज्ञान लिया है। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) को इस दुर्घटना में घायल लोगों के समुचित इलाज के लिए निर्देश दिया है।

इसके बाद डालसा के सचिव राकेश रंजन और रांची सिविल कोर्ट के जज कमलेश बेहरा ने मंगलवार को रिम्स जाकर घायलों से मुलाकात की और रिम्स प्रबंधन को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

उल्लेखनीय है कि मोरहाबादी में ऑक्सीजन पार्क के पास तेज रफ्तार कार (एसयूवी) ने सोमवार की शाम पांच लोगों टक्कर मार दी थी। इस घटना में जल संसाधन विभाग के प्रशाखा पदाधिकारी अरुण कुमार सिंह की मौत हो गई थी जबकि उनकी पत्नी मधु रानी की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को रिम्स सहित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में मधु रानी, सरिता देवी, संतोष मित्रा सहित अन्य हैं।