जगदलपुर : कांग्रेस ने महिलाओं को पद-सम्मान दिया लेकिन उन्होंने कांग्रेस से गद्दारी की : लता निषाद

जगदलपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। बस्तर जिला महिला कांग्रेस शहर द्वारा राजीव भवन में आज सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में महिला कांग्रेस की अध्यक्ष लता निषाद, निगम अध्यक्ष कविता साहू, प्रदेश सचिव अपर्णा बाजपेयी एवं एनएसयूआई महासचिव ज्योति राव मौजूद रही।

प्रेसवार्ता में महिला कांग्रेस की अध्यक्ष लता निषाद ने भाजपा में शामिल हुई वाणी राव, सफीरा साहू, अनिता रावटे पर तंज कसते हुए कहा कि आज वाणी राव, सफीरा साहू, अनिता रावटे की जो भी पहचान है, वह कांग्रेस के कारण है। कांग्रेस ने महिलाओं को पद भी दिये और सम्मान भी दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जिस-जिस को पद दिया उन्होंने कांग्रेस से गद्दारी की। वाणी राव यदि बिलासपुर नगर निगम की महापौर बनी थी, तो कांग्रेस की टिकट पर जीत कर बनी थी। जब वे विधायक का चुनाव हार गई थी, तो लोकसभा की टिकट का दावा बेमानी था।

निगम अध्यक्ष कविता साहू ने कहा कि महापौर सफिरा साहू द्वारा जो प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज व जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य पर सम्मान नहीं करने का आरोप लगा रही है, वह अपनी छोटी राजनीतिक महत्वाकांक्षा पूरी ना हो पाने की खीज हैं। आज सफीरा साहू क्या कांग्रेस में नहीं रहती तो महापौर बन सकती थी? महापौर अपने भ्रष्ट्राचार को छिपाने के लिए भाजपा में शामिल हुई हैं। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिये गरीब महिलायों को कांग्रेस की सरकार एक लाख रुपये सालाना देने का संकल्प जुमला नहीं हो सकता, जुमलेबाज देश का प्रधानमंत्री है जिसकी हर गारंटी तो देश के लिए जुमला साबित हुई है। इस दौरान पार्षद बी. ललिता राव, एस. नीला, ज्ञानेश्वरी जाधव, सरोज सेना आदि मौजूद रहे।