जगदलपुर : स्व. बलीराम कश्यप की जयंती पर भाजपा नेताओं ने किया नमन

जगदलपुर, 11 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने आज सोमवार को बस्तर लोकसभा के पूर्व बस्तर सांसद स्व.बलीराम कश्यप की जयंती पर उनका स्मरण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। सीरासार चौक के समीप स्थापित स्व. बलीराम कश्यप की आदमकद प्रतिमा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक किरण सिंह देव एवं वन मंत्री केदार कश्यप ने माल्यार्पण किया। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से स्व. बलीराम कश्यप के बस्तर के विकास के लिये समर्पित राजनीतिक जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि स्व. बलीराम कश्यप जननेता थे, बस्तर की बेहतरी के लिये बलीराम दादा सदैव सक्रिय रहे। बस्तर के सर्वांगीण विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान है, भाजपा के सभी कार्यकर्ता स्व. बलीराम कश्यप के जीवन से प्रेरणा लेकर जनसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ें।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राजनीति सेवा का क्षेत्र है, यह सीख उनके पिता बलीराम कश्यप ने उन्हें दी थी। उस सीख पर अमल करते हुये बस्तर के हित व जनता की सेवा के लिये निरंतर हम कार्य कर रहे हैं। बस्तर के विकास व जन सेवा में सभी भाजपा कार्यकर्ता समर्पित भाव से कार्य करें, यह सच्ची श्रद्धाजंलि होगी।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में डाॅ. सुभाऊ कश्यप,श्रीनिवास राव मद्दी, जी वेंकट, भाजपा जिला अध्यक्ष रुपसिंह मण्डावी, सुधीर पाण्डेय, योगेन्द्र कौशिक, रजनीश पाणिग्रही, धनीराम बारसे, संजय पाण्डेय, सुरेश गुप्ता, मनोहर तिवारी, आर्येन्द्र आर्य, संग्राम सिंह राणा, नरेन्द्र पाणिग्रही, शशि नाथ पाठक आदि सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।