खतरे में संविधान नहीं, कांग्रेस के नेता हैं, जिन्हें डर है कि मोदी फिर आ गए तो छोड़ेंगे नहीं: मुख्यमंत्री डॉ. यादव


भोपाल, 9 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस और उनके नेता राहुल गांधी लगातार एक लाल किताब लेकर चल रहे हैं और कहते फिर रहे हैं कि देश का संविधान खतरे में है। यदि मोदीजी फिर आ गए तो संविधान खतरे में पड़ जाएगा। खतरे में देश का संविधान नहीं, बल्कि पूरी कांग्रेस पार्टी और इनके घमंडिया गठबंधन के नेता हैं। इनको डर है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इनको छोड़ेंगे नहीं। प्रधानमंत्री कहते हैं कि न खाउंगा, न खाने दूंगा। बेईमानों को तो जेल में जाना पड़ता है। राहुल गांधी को झूठ का भैरू आता है, इसलिए बार-बार झूठ बोलते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने लिए कुछ नहीं किया, लेकिन देश की 140 करोड़ जनता के लिए जी रहे हैं।

मुख्यमंत्री गुरुवार को खंडवा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल और खरगोन लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी गजेंद्र पटेल के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा से आदिवासियों के साथ छलकपट किया है। आदिवासियों को केवल वोट बैंक समझा है। उनसे जिंदगीभर से वोट लेते रहे, लेकिन उनका विकास कभी नहीं किया। अब तो कांग्रेस के नेता राहुल गांधी आदिवासियों की इज्जत को ही उछाल रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी आदिवासियों की इज्जत उनकी पगड़ी को अपने सर पर रखते हैं। पिछले दिनों राहुल गांधी मध्यप्रदेश के दौरे पर आए तो आदिवासियों ने उन्हें पगड़ी पहनाई, लेकिन उन्होंने उनकी पगड़ी को उछाल दिया। प्रधानमंत्री मोदीजी आए और आदिवादियों ने उन्हें भी पगड़ी पहनाई तो उन्होंने पगड़ी पहनकर आदिवासियों की इज्जत को अपने सर पर रखे रखा। कांग्रेस पार्टी और उनके गठबंधन को घमंड है। यही कारण है कि इस घमंडिया गठबंधन के आधे नेता जेल में है और आधे जमानत पर बाहर घूम रहे हैं।

डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस और उनके गुरू झूठ बोल-बोल कर पगला रहे हैं। इनकी हालत ऐसी है, जैसे किसी को झूठ का भैरू आ गया है। यदि हम किसी भगवान का नाम लेते हैं, उनका जयकारा लगाते हैं तो कांग्रेस को भगवान का जयकारा सहन नहीं होता है। उनकी छाती पर सांप लेट जाते हैं। हम तो हमारे देवी-देवताओं को पूजने वाली परंपरा के लोग हैं। हमारे यहां तो भगवान का नाम सीताराम, राधाकृष्ण, शिव-पार्वती लेने पर भी माता का नाम पहले लेते हैं, लेकिन कांग्रेस तो हमारी माताओं-बहनों का अपमान करती है। उनके प्रदेश अध्यक्ष ने वरिष्ठ नेत्री इमरती देवी के लिए अपशब्दों का उपयोग किया। कांग्रेस के एक पूर्व मुख्यमंत्री महिलाओं को टंच माल कहते हैं, एक पूर्व मुख्यमंत्री आयटम जैसे शब्दों का प्रयोग करते हैं। ये कांग्रेस की मानसिकता में ही है कि वे माताओं-बहनों के लिए यह सोच रखते हैं। इस बार का चुनाव यह सब हिसाब-किताब चुकता करने का चुनाव है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री मोदी के पास अपना कुछ नहीं है। उनके पास न मकान है, न दुकान है, न परिवार है। उनका परिवार तो इस देश की 140 करोड़ जनता है और वे इस जनता के लिए ही जी रहे हैं। उनका संकल्प है कि जब तक वे इस देश की जनता के जीवन में उजाला नहीं फैलाएंगे चैन से नहीं बैठेंगे। उन्होंने देशवासियों के लिए चार करोड़ मकान दिए, लेकिन अपने लिए नहीं बनाया। अब तीन करोड़ फिर देने की तैयारी है। माताओं, बहनों को उज्जवला योजना के माध्यम से गैस कनेक्शन दिए। देश के जवानों और किसानों को सम्मान देने का काम किया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार भी प्रदेशवासियों के हितों के लिए काम कर रही है।

चुनाव किन-किन के लिए हो रहा है, उनका इतिहास देखना जरूरी

उन्होंने कहा कि यह चुनाव किन-किन के लिए हो रहा है, उनका इतिहास भी देखना चाहिए। यह चुनाव एक ऐसे नेता जिन्होंने बचपन में गरीबी देखी, उन्होंने रेलवे स्टेशन पर चाय बेची, जनता का दुख-दर्द समझा उनके और एक ऐसे नेता, जिनकी पांच पीढ़ियां प्रधानमंत्री बनती रही, लेकिन वे देश से गरीबी दूर नहीं कर पाए उनके बीच में हो रहा है। आपने कोरोना काल का दौर भी देखा। सब कुछ बंद था, लेकिन हमारे नेता ने ऐसे खराब समय में सबकी जान बचाई। निःशुल्क राशन दिया, करोड़ों लोगों को वैक्शीन लगवाई और उनकी जान बचाई। ऐसे समय में भी कांग्रेस के लोग बोल रहे थे कि ये ताली, थाली बजाकर क्या करोगे, लेकिन मोदीजी ने किसी की परवाह नहीं की।

राहुल गांधी आज तक माफी नहीं मांग पाए

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. राजीव गांधी जब प्रधानमंत्री थे, तब कहते थे कि वे एक रूपए भेजते हैं, लेकिन नीचे तक 15 पैसे ही पहुंचता है। बाकी का 85 पैसा कहां जाता है, आज तक इसका हिसाब नहीं दिया। राहुल गांधी भी आज तक इस भ्रष्टाचार के लिए माफी नहीं मांग पाए। भाजपा की सरकार में पूरा काम ईमानदारी से होता है। किसानों के खातों में उनकी पूरी राशि पहुंचती है, एक भी रुपया कम नहीं होता है। लाडली बहनों के खातों में भी 1250 रुपये पूरे पहुंचते हैं। हमारे प्रधानमंत्री मोदीऔर भाजपा सरकार जान बचाने में भी ईमानदार और पैसे बचाने में भी ईमानदार है।