इंदौरः शहर की अग्निशमन व्यवस्थाएं होंगी सुदृढ़, सात नई जगह बनेंगे नए फायर स्टेशन

39e307885522e5c8e7b72ee631dc5de5

इंदौर, 22 जुलाई (हि.स.)। अग्नि दुर्घटनाओं पर त्वरित और प्रभावी नियंत्रण के लिये इंदौर शहर की अग्निशमन व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाते हुए विस्तारित किया जाएगा। इसके तहत शहर में सात नयी जगह नए फायर स्टेशन बनाये जायेंगे। शहर में अग्निशमन के लिये अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नए वाहन भी खरीदें जाएंगे। शहर में शिप्रा और कान्ह नदी के शुद्धिकरण हेतु सात एसटीपी प्लांट बनाए जाएंगे।

यह जानकारी सोमवार को यहां कलेक्टर आशीष सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई बैठक में दी गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, अपर कलेक्टर गौरव बेनल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ‍सिद्धार्थ जैन, अपर कलेक्टर सपना लोवंशी, राजेन्द्र रघुवंशी, रोशन राय, निशा डामोर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह ने इंदौर शहर की अग्निशमन व्यवस्था को बेहतर बनाने के संबंध में चर्चा की। इस अवसर पर बताया गया कि जहां एक और बड़े और भीड़ वाले भवनों में अग्निशमन के प्रबंध सुनिश्चित कराये जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अग्निशमन व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने की कार्ययोजना भी तैयार की गई है। इसके तहत शहर में निपानिया, कनाड़िया, पालदा, खंडवा रोड, हवा बंगला से राजेन्द्र नगर केट के बीच में, गांधी नगर क्षेत्र तथा बापट चौराहे से देवास नाके के बीच के क्षेत्र में नए फायर स्टेशन बनाये जायेंगे। साथ ही अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नए वाहन भी खरीदे जाएंगे। कलेक्टर ने इसके लिये अधिकारियों को भूमि चिन्हित कर शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के ‍निर्देश दिये हैं।

बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि शहर में शिप्रा और कान्ह नदी के शुद्धीकरण हेतु सात एसटीपी प्लांट बनाये जाएंगे। इसके लिये भी भूमि आवंटन की कार्रवाई जारी है। उन्होंने बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज प्रकरणों के निराकरण की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिये कि सभी विभाग समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें। प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही पाये जाने पर कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने भिक्षावृत्ति के विरूद्ध चल रहे अ‍भियान को भी गति देने के निर्देश ‍दिये। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों जारी किये गये प्रतिबंधात्मक आदेश का पालन सुनिश्चित कराया जाये। आदेश का उल्लंघन पाये जाने पर कार्रवाई करें। उन्होंने जल-जीवन मिशन के लक्ष्यों को भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये।