वेब चेक-इन के दौरान महिला यात्रियों को इंडिगो देगी ये खास सेवा, आरामदायक होगी यात्रा

देश की सबसे बड़ी घरेलू एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने महिला यात्रियों के लिए एक नई सुविधा शुरू की है, जिसकी मदद से उन्हें टिकट बुकिंग के समय खास लाभ मिलेगा। इस नई सुविधा के जरिए महिला यात्री वेब चेक-इन के समय अन्य महिला यात्रियों द्वारा बुक की गई सीटों के बारे में जान सकती हैं, जिसकी मदद से वे किसी महिला के बगल वाली सीट बुक कर सकती हैं और आराम से अपना सफर बिता सकती हैं।

इंडिगो एयरलाइन ने बुधवार को एक बयान में कहा कि एयरलाइन ने महिला यात्रियों के यात्रा अनुभव को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक नई सुविधा शुरू की है।

केवल महिला यात्रियों को मिलेगी सुविधा

इंडिगो के बयान के अनुसार, “इसे बाजार अनुसंधान के आधार पर लॉन्च किया गया है। यह वर्तमान में हमारे #गर्लपावर सिद्धांत के अनुरूप पायलट चरण में है। यह सुविधा केवल वेब चेक-इन के दौरान महिला यात्रियों द्वारा बुक की गई सीटों की दृश्यता प्रदान करती है। यह विशेष रूप से महिला यात्रियों के लिए उनके पीएनआर (यात्री नाम रिकॉर्ड) के लिए बुकिंग के हिस्से के रूप में डिज़ाइन किया गया है, दोनों व्यक्तिगत रूप से और साथ ही परिवार के साथ।”

अप्रैल में 80 लाख लोगों ने यात्रा की

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार इंडिगो देश की सबसे बड़ी घरेलू एयरलाइन है। इसकी बाजार हिस्सेदारी 60 प्रतिशत से अधिक है। अप्रैल में 80 लाख यात्रियों ने इंडिगो की सेवाएं लीं।