नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सीमा सुरक्षित हुई : संजय भाटिया

प्रयागराज, 07 मई (हि.स.)। फूलपुर लोकसभा चुनाव कोर कमेटी एवं प्रबंधन समिति के साथ बैठक करने प्रयागराज पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता करनाल, हरियाणा सांसद संजय भाटिया ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सीमा सुरक्षित हुई है। अब हिन्दुस्तान की तरफ से जवाबी कार्रवाई में गोली नहीं गोले चलते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव अभियान से सम्बंधित कई टिप्स दिए।

मंगलवार को जार्ज टाउन क्लब केंद्रीय चुनाव कार्यालय फूलपुर लोकसभा के आहूत बैठक में प्रदेश सह प्रभारी संजय भाटिया ने चुनाव प्रबंधन से सम्बंधित कुल 37 बिंदुओं पर प्रबंधन समिति कोर कमेटी के साथ चिंतन मंथन किया। उन्होंने सूचना तंत्र को बेहद मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि आज का समय सोशल हाईटेक का समय है और युवा मतदाताओं तक पार्टी एवं सरकार की नीतियां अधिकाधिक कैसे पहुंचे इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए संजय भाटिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इन 10 वर्षों में जो परिवर्तन आज दिखाई पड़ रहा है, उससे देश वास्तव में मजबूत हुआ है। यूपीए सरकार में जब पाकिस्तान गोली चलाता था तो हमारे देश के सैनिक सिर्फ बचाव करते थे। क्योंकि उस समय हमारे देश के सैनिकों के हाथ यूपीए सरकार ने बांध रखे थे। लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पाकिस्तान की हर गोली का जवाब देश के सैनिक गोले के साथ दे रहे हैं और पाकिस्तान के अंदर घुसकर मार रहे हैं। कश्मीर के सीमावर्ती इलाकों में हमारा किसान खेती नहीं कर पाता था। लेकिन आज सरहद का किसान सीना तानकर खेती कर रहा है। अब पाकिस्तान की किसी भी हरकत पर हिन्दुस्तान की तरफ से गोली नहीं बल्कि गोले चलाए जाते हैं।

सपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि बदमाश गुंडों को सपा सरकार में संरक्षण मिलता था। योगी के आते ही अपराधी गुंडे बिलों में छिप गए। एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि आज देश के आयुध भंडार भरे हैं। यदि पाकिस्तान और चीन से संयुक्त रूप से युद्ध हो जाए तो तीन साल तक भारत उनसे लड़ सकता है, क्योंकि अब गोले-बारूद हमारे देश में बन रहे हैं। जबकि पहले कमीशन के चक्कर में बाहर से आयात किए जाते थे। पहले अनाज गोदामों में सड़ता था, गरीबों जरूरतमंदों को नहीं मिलता था। लेकिन मोदी सरकार ने सिस्टम बदला और आज 80 करोड़ लोगों को राशन मिल रहा है।

–विधानसभा एवं शक्ति केंद्र स्तर पर सम्मेलन

भाजपा मीडिया प्रभारी विवेक मिश्र ने बताया कि बैठक में विधानसभा एवं शक्ति केंद्र स्तर पर सम्मेलन के योजना की रूपरेखा बनाई गई। फूलपुर लोकसभा के कुल 416 शक्ति केंद्रों पर 8 मई से पन्ना प्रमुख सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। वहीं लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वाले 5 विधानसभा क्षेत्रों (उत्तरी, पश्चिमी, फूलपुर, सोरांव व फाफामऊ) में किसान मोर्चा, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, पिछड़ा मोर्चा आदि सम्मेलन का आयोजन 11 से 15 मई तक किया जाएगा।

विवेक मिश्र ने बताया कि इस अवसर पर लोकसभा प्रभारी बालेंदु मणि त्रिपाठी, महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र, गंगापार जिलाध्यक्ष कविता पटेल, एमएलसी निर्मला पासवान, उत्तर मौर्य, ओम प्रकाश त्रिपाठी, शशि वार्ष्णेय, अर्चना शुक्ला, राजेश गोंड, आनंद जायसवाल, कुंज बिहारी मिश्र, बृजेश त्रिपाठी, प्रशांत केसरी, संजय गुप्ता, नवीन शुक्ला, विजय द्विवेदी, राकेश भारती, प्रशांत शुक्ला, नीलू शुक्ला, आनंद वैश्य सुदर्शन, नीरज पांडेय, फूलपुर लोकसभा चुनाव मीडिया प्रबंधन उमेश तिवारी सहित प्रबंधन समिति कोर कमेटी के लोग उपस्थित रहे।