भारत पुनः विश्व गुरु बने सम्पूर्ण हिन्दू समाज का दायित्व है : अभिलाषा गुप्ता

प्रयागराज, 06 मार्च (हि.स.)। श्री रामकाज के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित करने वाले, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव चम्पत राय आज संगमनगरी में धर्म रक्षा निधि समर्पण कार्यक्रम के तहत प्रवास के दौरान उप्र सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी के आवास पहुंचे। जहां पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता ने चम्पत राय का स्वागत एवं अभिनन्दन किया। पूर्व महापौर ने कहा कि भारत पुनः विश्व गुरु बने, सांस्कृतिक गौरव की पुनर्स्थापना हो यह सम्पूर्ण हिन्दू समाज का दायित्व है।

इस दौरान विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता ने कहा कि समर्पण, त्याग और विचार निष्ठा के महामनीषी का आतिथ्य हमारा परम सौभाग्य है। अभिलाषा गुप्ता ने कहा कि चम्पत राय ने अपना सम्पूर्ण जीवन प्रभु श्री राम लला की सेवा में गुजार दिया। सरकारी नौकरी छोड़कर अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर सामाजिक आंदोलन के साथ-साथ कानूनी लड़ाई में भी चम्पत राय ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। जिनकी अगुवाई में प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर का निर्माण हुआ और रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई। आज पूरा देश राम मय हो चुका है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राम राज्य की स्थापना हो रही है। आज करोड़ों राम भक्त हर्षित व गौरवान्वित हैं।