झूठ बोल रहा इंडी गठबंधन, कांग्रेस 13 राज्यों में खाता भी नहीं खोल पाईः शिवराज

भोपाल, 07 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सफलता भाजपा और एनडीए गठबंधन को मिली है। कांग्रेस पार्टी इस लोकसभा चुनाव में 13 राज्यों में खाता भी नहीं खोल पाई है। इंडी गठबंधन इस चुनाव में पूरी तरह से हारा है, लेकिन कांग्रेस हार के बाद भी जश्न मना रही है। कांगेस देश में गलत नैरेटिव सेट करने की कोशिश कर रही है कि वह वह सफल हुई है। भाजपा कार्यकर्ताओं को यह गलत नैरेटिव सेट नहीं होने देना है।

केन्द्रीय मंत्री चौहान रविवार को भोपाल के रविंद्र भवन में हुई भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सफलता सिर्फ भाजपा को मिली है। भाजपा दक्षिण के राज्यों में भी सफलता प्राप्त कर रही है। केरल में पहली बार हमारी पार्टी का खाता खुला। उड़ीसा में चमत्कार हुआ और भाजपा ने विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है। आंध्रप्रदेश में भाजपा के 10 प्रतिशत वोट बढ़े हैं। तेलंगाना, केरल और तमिलनाडु में भी भाजपा के वोट बढ़े हैं। कर्नाटक में 28 में 17 सीटें जीतकर भाजपा सफल हुई है।

शिवराज ने कहा कि राहुल गांधी ने अग्निवीर को एक करोड़ की आर्थिक सहायता नहीं मिलने का झूठ बोला, एमएसपी को लेकर झूठ बोला। लेकिन जब सदन में एमएसपी के आंकड़े रखे तो चुप हो गए। राहुल गांधी कह रहे हैं कि हमने राम मंदिर आंदोलन को हरा दिया है। बालक बुद्धि राहुल गांधी को कौन समझाए कि हिंदुत्व की परिषाभा क्या होती है। राहुल गांधी और उनका परिवार हिंदुत्व की परिभाषा नहीं जानता।

साफ छवि, अहंकार रहित नि:स्वार्थ कार्यकर्ताओं की टोली ने दिलाई जीतः भूपेंद्र यादव

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि हमने विधानसभा चुनाव में 163 सीटें जीती हैं और लोकसभा चुनाव में अभूतपूर्व सफलता हासिल की है। लेकिन इसका कारण क्या है? अकेली योजनाओं से जीत नहीं मिलती, क्योंकि अगर ऐसा होता तो छत्तीसगढ़, तेलंगाना, तमिलनाडु और उड़ीसा में भी सत्ताधारी दलों की जीत होती, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मध्यप्रदेश पार्टी के उन महापुरुषों की धरती है, जिन्होंने संगठन को खड़ा करने के लिए सिर्फ काम किया, अहंकार नहीं किया। हमें जनहित की योजनाओं के साथ साफ छवि और अहंकार रहित नि:स्वार्थ कार्यकर्ताओं की टोली की बदौलत यह जीत हासिल हुई है।

यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सरकार देश में कई परिवर्तन लाई है। कांग्रेस के जमाने में जहां सिर्फ 15 पैसे गरीब की जेब में पहुंचते थे, आज सरकार की ईमानदारी और नई टेक्नोलॉजी की बदौलत पूरे 100 पैसे खाते में पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब, युवा, महिला और किसान हर वर्ग के लिए काम किया है। वहीं, मध्यप्रदेश जनजाति बहुल राज्य है और हमारी सरकार ने पेसा एक्ट लागू करने समेत महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए अनेक कदम उठाए हैं।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकारों के कामकाज और कार्यकर्ताओं की मेहनत के आधार पर हमने लोकसभा चुनाव में सभी 29 सीटें जीती हैं और देश में 1960 के बाद पहली बार प्रधानमंत्री मोदी तीसरी बार सरकार बनाने में सफल रहे हैं। लेकिन देश में आज भी कई चुनौतियां हैं। जो कांग्रेस सुशासन और नीतियों के आधार पर भाजपा का मुकाबला नहीं कर सकती, वो अब नकारात्मकता के साथ षडयंत्र रच रही है। उसके नेता आरोपों की राजनीति कर रहे हैं। चुनावों के दौरान भी कांग्रेस ने आरक्षण और संविधान को लेकर झूठ फैलाया था। जबकि वास्तविकता यह है कि कांग्रेस हमेशा न्यायालय, चुनाव आयोग पर हमला करती रही है, संसद और लोकतंत्र का मखौल उड़ा रही है। हमें इसके खिलाफ जन जागरण करना है और विकसित भारत के साथ विकसित म.प्र. बनाने के लिए काम करना है।

बूथ स्तर तक ऐसा कार्य करें कि चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक सफलता मिलेः जामवाल

भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने मध्यप्रदेश में ऐतिहासिक सफलता अर्जित की है। भाजपा ने प्रदेश के सभी 29 लोकसभा क्षेत्रों में विजय हासिल की है। सफलता प्राप्त करने के साथ उस सफलता को बनाए रखना भी बहुत जरूरी है। इसलिए आप सभी कार्यकर्ता इसी तरह कार्य करते रहें और आगामी चुनावों में भी पार्टी की इस सफलता को बनाए रखें।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा का संगठन आदर्श है। संगठन शक्ति और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और परिश्रम से लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त हुई है। प्रधानमंत्री मोदी 24 घंटे देश सेवा के कार्य में लगे हुए हैं। प्रधानमंत्री जी गरीबों के लिए जीते हैं। हर चुनाव में हमें सामाजिक समरसता, सामाजिक समीकरण, संतुलन खड़ा करना पड़ता है। हमें हर चुनाव में इस संबंध में उतनी ही मेहनत करनी पड़ती है। आप सभी कार्यकर्ता अभी से इन सभी विषयों को लेकर अपने-अपने क्षेत्र में ऐसा कार्य करें कि चुनाव के समय हमें इन कार्यों को लेकर अधिक मेहनत न करनी पड़े।