मेटा के लिए नई मुसीबत: पूर्व कार्यकारी सारा विन-विलियम्स का जुकरबर्ग पर बड़ा हमला, किताब में खोले कंपनी के 'काले राज'

मेटा के लिए नई मुसीबत: पूर्व कार्यकारी सारा विन-विलियम्स का जुकरबर्ग पर बड़ा हमला, किताब में खोले कंपनी के 'काले राज'

मेटा की कार्यप्रणाली पर खड़े हुए गंभीर सवाल इंटरनेट मीडिया की दिग्गज कंपनी मेटा एक बार फिर कानूनी संकट में घिर गई है। कंपनी की पूर्व कार्यकारी सारा विन-विलियम्स ने मेटा के खिलाफ उत्तरी कैलिफोर्निया की संघीय अदालत में मुकदमा दायर किया है। विन-विलियम्स, जो 2011 से 2017 तक मेटा (तब फेसबुक) में ग्लोबल पालिसी डायरेक्टर थीं, ने कंपनी पर उन्हें चुप कराने और अपनी बेस्टसेलिंग किताब 'केयरलेस पीपुल' के प्रचार को रोकने का गंभीर आरोप लगाया है।

किताब में जुकरबर्ग पर लगे चौंकाने वाले आरोप सारा विन-विलियम्स की किताब 'केयरलेस पीपुल' ने सिलिकॉन वैली के गलियारों में हलचल मचा दी है। इस किताब में उन्होंने मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग और अन्य उच्च कार्यकारियों के खराब बर्ताव का कच्चा-चिट्ठा खोला है। किताब में सबसे चौंकाने वाला खुलासा जुकरबर्ग द्वारा चीनी अधिकारियों को खुश करने की कथित कोशिशों को लेकर है। विन-विलियम्स का दावा है कि कंपनी छोड़ते समय उन पर जो 'नॉन-डिस्पैरेजमेंट' (कंपनी के खिलाफ न बोलने का) समझौता करने का दबाव बनाया गया था, वह पूरी तरह से गलत था और अब वह उस समझौते को अमान्य करने की मांग कर रही हैं।

कंपनी ने आरोपों को नकारा दूसरी ओर, मेटा ने विन-विलियम्स के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पूर्व कार्यकारी ने अपने कानूनी समझौते का उल्लंघन किया है। मेटा का दावा है कि उनकी किताब में दी गई जानकारियां तथ्यात्मक रूप से गलत हैं और कंपनी की छवि खराब करने के उद्देश्य से लिखी गई हैं। अब यह मामला अदालत में है, जहां यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या मेटा अपनी नीतियों के बचाव में सफल हो पाती है या सारा विन-विलियम्स के खुलासे कंपनी के लिए बड़ी कानूनी चुनौती बन जाते हैं।

Latest Posts